November 17, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

जौलजीबी मेले में हुए हंगामे के विरोध में भाजपा ने चम्पावत और टनकपुर में किया प्रदर्शन

जौलजीबी मेले में हुए हंगामे के विरोध में भाजपा ने चम्पावत और टनकपुर में किया प्रदर्शन

विधायक हरीश धामी के खिलाफ नारेबाजी कर फूंका पुतला, भाजपा नेताओं ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

चम्पावत। जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान 14 नवंबर को हुए कथित हंगामे, तोड़फोड़, मारपीट और अभद्रता के मामले को लेकर भाजपा ने सोमवार को चम्पावत और टनकपुर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने धारचूला विधायक हरीश धामी का पुतला दहन कर उनके खिलाफ नारेबाजी की।

चम्पावत में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जौलजीबी जैसे महत्वपूर्ण सांस्कृतिक आयोजन के मंच पर जिस तरह का हंगामा और अराजकता हुई, वह देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि जौलजीबी मेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और भारत-नेपाल की साझा परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजन में अभद्रता, मारपीट और अव्यवस्था की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने चम्पावत के विधायक एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की भी निंदा की और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, एससी मोर्चा के प्रदेश मंत्री सूरज प्रहरी, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय, दर्जा मंत्री मुकेश महराना, जिला पंचायत सदस्य कृष्णानंद जोशी, विधायक प्रतिनिधि, नगर पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, सभासद रोहित बिष्ट, प्रकाश बिनवाल सुनील पुनेठा, पारस महर, मोहन सिंह अधिकारी, लक्ष्मण सिंह, और लोहाघाट नगर पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा, गोविंद बोहरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

टनकपुर में भी जताया आक्रोश

उधर, टनकपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक हरीश धामी का पुतला दहन कर घटना पर आक्रोश जताया। प्रदर्शन में भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश जोशी, मंडल महामंत्री कुमुद जोशी, नगर पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, दर्जा मंत्री हेमा जोशी, किरण देवी, हरीश भट्ट, बबीता गोस्वामी, हंसा जोशी, नारायण सिंह महर, कोमल गिरी और हरीश जोशी सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि सांस्कृतिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। उन्होंने जौलजीबी मेले में हुई घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।

शेयर करे