लोहाघाट। भाजपा में 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर लोहाघाट के पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने सोमवार को नगर में जन आशीर्वाद रैली निकालकर मिशन-2027 के लिए अपनी ताकत दिखाई। शीतला माता मंदिर से शुरू हुई रैली रामलीला मैदान पहुंची, जहां आयोजित जनसभा में हजारों की संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। खचाखच भरे रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व विधायक फर्त्याल के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई।
रैली में उमड़ी भीड़ को पूर्व विधायक के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, इस दौरान भाजपा के कई प्रमुख नेताओं की अनुपस्थिति भी राजनीतिक चर्चा का विषय बनी रही।
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और सरकार की योजनाएं अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
फर्त्याल ने लोहाघाट के कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र का विकास करीब दस वर्ष पीछे चला गया है। उन्होंने कहा कि जिस विधायक निधि का उपयोग जनता के विकास के लिए होना चाहिए, उसका इस्तेमाल चुनावी राजनीति के लिए किया जा रहा है। उन्होंने अपने दस वर्ष के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके द्वारा शुरू कराए गए कई कार्य आज भी अधूरे पड़े हैं।
पूर्व विधायक ने विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए और कहा कि जनता सब कुछ देख रही है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में क्षेत्र की जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि पैसे के दम पर चुनाव जीतने का सपना देखने वालों को इस बार मुंह की खानी पड़ेगी।
रैली में अनुपस्थित रहे भाजपा नेताओं को लेकर भी फर्त्याल ने तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कुछ भाजपा नेताओं ने कांग्रेस का साथ दिया था। उन्होंने कहा कि इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।
धारचूला के कांग्रेस विधायक हरीश धामी पर निशाना साधते हुए फर्त्याल ने मुख्यमंत्री के प्रति उनके कथित अमर्यादित बयान की आलोचना की। उन्होंने इसे कांग्रेस की राजनीतिक मानसिकता का परिचायक बताया।
फर्त्याल ने कहा कि आज उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि चम्पावत जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। उन्होंने क्षेत्र की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वह पद पर रहें या न रहें, हमेशा जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे।
**पूर्व सैनिक संगठन ने दिया समर्थन**
जनसभा के दौरान पूर्व सैनिक संगठन ने खुले मंच से पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल को समर्थन दिया। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनके विधायक कार्यकाल में पूर्व सैनिकों के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए।
कार्यक्रम का संचालन शांभवी मुरारी ने किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, ब्लॉक प्रमुख महेंद्र ढेक, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश करायत, आरटी नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण लाल, सभासद बबलू पाटनी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता फर्त्याल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजय बोहरा, विजय फर्त्याल, चंद्रशेखर बगौली, राजेश बिष्ट, बहादुर फर्त्याल, प्रवीण पांडे, प्रकाश राय, केशर सिंह, नवीन बोहरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, सामाजिक कार्यकर्ता हरिता बगौली, निर्मला अधिकारी, गंगा देवी, भावना गरकोटी, रेखा पचौली, देवकी जोशी, हीरा अधिकारी, अनीता देवी, मंजू जोशी, दीपा जोशी और पुष्पा खर्कवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।







#पूरनसिंहफर्त्याल #जनआशीर्वादरैली #लोहाघाट #मिशन2027 #भाजपा #उत्तराखंडराजनीति #चंपावत #शक्तिप्रदर्शन #पुष्करसिंहधामी #लोहाघाटविधानसभा #UttarakhandPolitics #ChampawatNews

More Stories
जनता मिलन में 57 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
जौलजीबी मेले में हुए हंगामे के विरोध में भाजपा ने चम्पावत और टनकपुर में किया प्रदर्शन
राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन में जनार्दन चिलकोटी को मिला प्रतिष्ठित सम्मान