‘जमुना देवी खनी स्मृति कुमाउनी संस्मरण लेखन पुरस्कार’ से हुए सम्मानित, चम्पावत के साहित्यकारों ने राष्ट्रीय मंच पर रखी अपनी उपस्थिति
चंपावत/अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में 14 और 15 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन में चम्पावत के साहित्यकार एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े जनार्दन चिलकोटी को उनके साहित्यिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘जमुना देवी खनी स्मृति कुमाउनी संस्मरण लेखन पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से चम्पावत जनपद का साहित्यिक गौरव बढ़ा है।
सम्मेलन में चम्पावत जिले से कवि एवं साहित्यकार भूपेन्द्र देव ‘ताऊ’, प्रकाश जोशी ‘शूल’ तथा युवा कवि नितिन देव ने भी प्रतिभाग किया। जनपद के साहित्यकारों की सहभागिता ने कुमाउनी भाषा एवं साहित्य के प्रति चम्पावत की रचनात्मक सक्रियता को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया।
दो दिवसीय सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में कुमाउनी भाषा के संरक्षण, संवर्धन, साहित्यिक विकास और प्रचार-प्रसार को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कुमाउनी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों, लोकगाथाओं और ऐतिहासिक विरासत की पहचान है। नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा से जोड़ने तथा घर-परिवार, विद्यालयों और सामाजिक आयोजनों में कुमाउनी भाषा के प्रयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
सम्मेलन में आगामी जनगणना के संदर्भ में भी कुमाउनी भाषियों से अपनी मातृभाषा की सही पहचान दर्ज कराने की अपील की गई। वक्ताओं ने 16 नवंबर से प्रारंभ होने वाली स्वगणना प्रक्रिया में मातृभाषा के विकल्प में ‘कुमाउनी’ का उल्लेख करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मातृभाषा का सही अभिलेखीकरण उसके संरक्षण, संवर्धन और भविष्य की भाषा संबंधी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, प्रो. अशोक कुमार पंत, पूर्व कुलपति नरेंद्र सिंह भंडारी, डॉ. हयात सिंह रावत सहित अनेक विद्वान, कवि, साहित्यकार, भाषा प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सम्मेलन में इस बात पर भी जोर दिया गया कि कुमाउनी भाषा को केवल साहित्यिक आयोजनों तक सीमित न रखकर जनजीवन, शिक्षा, लेखन और डिजिटल माध्यमों से भी जोड़ा जाए। इसके लिए नई पीढ़ी को भाषा के प्रति जागरूक करने, लोक साहित्य के संकलन और अधिकाधिक साहित्य सृजन की आवश्यकता बताई गई।
जनार्दन चिलकोटी को प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलने पर चम्पावत के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। साहित्यकारों ने इसे जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कुमाउनी भाषा और संस्कृति के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। सम्मेलन ने मातृभाषा के संरक्षण को प्रत्येक कुमाउनी भाषी का सामूहिक दायित्व बताते हुए इसके व्यापक उपयोग का संदेश दिया।



More Stories
जनता मिलन में 57 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
खचाखच भरा रामलीला मैदान, फर्त्याल ने मांगा जनता से 2027 का आशीर्वाद
जौलजीबी मेले में हुए हंगामे के विरोध में भाजपा ने चम्पावत और टनकपुर में किया प्रदर्शन