November 17, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

जनता मिलन में 57 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

जनता मिलन में 57 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं, मौके पर बनाए गए आयुष्मान कार्ड

चम्पावत, 16 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को जिला सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनता मिलन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 57 आवेदन प्राप्त हुए।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई करते हुए नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाए और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।

जनता मिलन में सोलर लाइट लगाने, फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए घेरबाड़ एवं चेनलिंक फेंसिंग कराने, सुरक्षा दीवार निर्माण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने से संबंधित मामले प्रमुखता से उठाए गए। इसके अलावा आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, पशुपालन, सड़क और पेयजल से जुड़ी समस्याओं को भी लोगों ने अधिकारियों के सामने रखा।

इस दौरान नवीन राम, कलावती देवी, ललित सिंह राणा, आकाश सार्की, शकुंतला देवी, भीम सिंह महर, राम सिंह, रूप सिंह कठायत और कुसुम जोशी सहित अन्य फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी मौके पर ही बनाए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं से संबंधित आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई कर पात्र लोगों को समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, एपीडी विम्मी जोशी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीपकीर्ति तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक अंकित आर्य, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करे