November 15, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

विज्ञान मॉडलों से विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, नवाचारों से सुझाए समस्याओं के समाधान

विज्ञान मॉडलों से विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, नवाचारों से सुझाए समस्याओं के समाधान

चम्पावत। पीएमश्री अटल उत्कृष्ट शहीद राहुल रैंसवाल राजकीय इंटर कॉलेज में रविवार को जिला विज्ञान महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। उत्तराखंड राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के सहयोग से विद्यालयी शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित महोत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने विज्ञान आधारित मॉडल, परियोजनाओं और नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सोच और नवाचार के जरिए स्थानीय समस्याओं के समाधान भी प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने छात्र-छात्राओं की ओर से तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान महोत्सव विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच विकसित होती है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक एवं गतिविधि आधारित शिक्षा के लिए प्रेरित करने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने कहा कि विज्ञान महोत्सव विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक क्षमता और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य एवं स्थल संयोजक उमेद सिंह बिष्ट ने की। जिला विज्ञान समन्वयक नवीन चंद्र पंत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जिले में संचालित विज्ञान गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। संचालन जिला विज्ञान समन्वयक नरेश जोशी ने किया।

इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार’ रखी गई थी। इसके तहत विद्यार्थियों ने सात उपविषयों पर आधारित मॉडल और परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। वहीं विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में भी छात्र-छात्राओं ने प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। महासागरों के संरक्षण सहित विभिन्न विषयों के माध्यम से विज्ञान, पर्यावरण और प्रौद्योगिकी के महत्व को रोचक तरीके से समझाया गया।

इस अवसर पर जगदीश अधिकारी, अनिल मिश्रा, सतीश गहतोड़ी, जीवन सोराड़ी, भुवन जोशी, नवीन पांडेय, राकेश शर्मा, प्रकाश जोशी, गिरीश जोशी, कैलाश जोशी, देवेश बिनवाल, ललित मोहन जोशी, दिनेश अधिकारी, अंकित गड़कोटी, कैलाश भट्ट, कमल गहतोड़ी, रेखा बेरी, संजय सोराड़ी और हेम सोराड़ी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों ने साबित किया कि पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में भी वैज्ञानिक प्रतिभा एवं नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक जीवन की समस्याओं का वैज्ञानिक समाधान तलाशने के लिए प्रेरित करते हैं।

शेयर करे