हत्या की झूठी सूचना देकर पुलिस को किया गुमराह, आरोपी गिरफ्तार
डायल 112 पर भाई की गला काटकर हत्या किए जाने की दी थी सूचना, जांच में सामने आया मामला फर्जी; पुलिस समेत कई विभागों की टीमें हुईं सक्रिय
लोहाघाट। डायल 112 पर भाई की गला काटकर हत्या किए जाने की झूठी सूचना देकर पुलिस और अन्य विभागों को गुमराह करने के आरोप में लोहाघाट पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जांच में हत्या की सूचना पूरी तरह फर्जी निकली। आरोपी ने न केवल पुलिस को गुमराह किया, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के संसाधनों को भी अनावश्यक रूप से व्यस्त कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 की रात करीब 9:19 बजे नवल किशोर पुजारी पुत्र स्वर्गीय त्रिलोचन पुजारी, निवासी ग्राम सुई खेशकाण्डे, थाना लोहाघाट ने डायल 112 पर फोन कर सूचना दी कि उसके भाई की किसी व्यक्ति ने गला काटकर हत्या कर दी है। कॉल करने वाले ने खुद घटना देखने और हत्यारे को पहचानने का दावा भी किया।
हत्या जैसी गंभीर सूचना मिलते ही लोहाघाट पुलिस तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग, 108 एंबुलेंस, फील्ड यूनिट और साइबर सेल की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल शुरू करने के साथ ही संबंधित लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पता चला कि जिस व्यक्ति की हत्या किए जाने की सूचना दी गई थी, वह लोहाघाट से दिल्ली जा रहा था। पुलिस ने वीडियो कॉल के माध्यम से संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर उसकी कुशलता की पुष्टि की। इसके बाद हत्या की सूचना पूरी तरह झूठी और भ्रामक पाई गई।
पुलिस ने झूठी सूचना देकर सरकारी विभागों को गुमराह करने तथा आपातकालीन सेवाओं के संसाधनों का अनावश्यक उपयोग कराने के आरोप में नवल किशोर पुजारी को धारा 172 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
चम्पावत पुलिस की अपील
चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डायल 112 का उपयोग केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में ही करें। झूठी या भ्रामक सूचना देने से पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं का समय एवं संसाधन अनावश्यक रूप से खर्च होते हैं। इससे किसी वास्तविक जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचने में देरी हो सकती है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
तामली में एसएसबी का 15 दिवसीय सॉफ्ट टॉय निर्माण प्रशिक्षण संपन्न
आईटीबीपी लोहाघाट को स्थानीय पशुपालकों ने की 459 किलो मुर्गियों की आपूर्ति
राजकीय इंटर कॉलेज किमतोली में आयोजित हुआ करियर काउंसलिंग कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए सफलता के मंत्र