राजकीय इंटर कॉलेज किमतोली में आयोजित हुआ करियर काउंसलिंग कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए सफलता के मंत्र
प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई गईं प्रेरणादायक एवं शैक्षिक वीडियो, विद्यालय को हारमोनियम, तबला सहित विभिन्न वाद्य यंत्र किए भेंट
किमतोली (चम्पावत)। सीमांत क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसरों, करियर विकल्पों और रोजगार की संभावनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से बलिदानी सैनिक शिरोमणि चिलकोटी बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट ट्रस्ट की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज किमतोली में करियर काउंसलिंग एवं विद्यार्थी प्रेरणा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित कर सफलता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का प्रायोजन कुमाऊं इंस्ट्रूमेंट एंड इंजीनियरिंग सर्विसेज के स्वामी बंशीधर चिलकोटी ने किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय को संगीत शिक्षा एवं विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हारमोनियम, तबला सहित विभिन्न वाद्य यंत्र भेंट किए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ संगीत एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करना है।
प्रोजेक्टर से दी गई करियर विकल्पों की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षिक एवं प्रेरणादायक वीडियो दिखाई गईं। इनके जरिए उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि वर्तमान समय में पारंपरिक करियर विकल्पों के अलावा भी कई नए क्षेत्र उभर रहे हैं। ऐसे में अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार करियर का चयन करना जरूरी है।
जनार्दन चिलकोटी ने दिए सफलता के मंत्र
ट्रस्ट के संस्थापक जनार्दन चिलकोटी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर उसी के अनुरूप शिक्षा एवं करियर का चुनाव करना चाहिए। उन्होंने अनुशासन, समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम को सफलता का आधार बताया।
उन्होंने बैंकिंग सेवा एवं ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में कार्य करने के अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और रोजगार के बदलते अवसरों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने सपनों को साकार करने के लिए अभी से योजनाबद्ध तरीके से मेहनत शुरू करने का आह्वान किया।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने भी किया प्रोत्साहित
कार्यक्रम में ट्रस्ट के सह-संस्थापक नारायण दत्त चिलकोटी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रेमा चिलकोटी (सभासद, छतार वार्ड, नगर पालिका परिषद चम्पावत) तथा कार्यक्रम प्रायोजक एवं सीएसआर समन्वयक बंशीधर चिलकोटी ने भी विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति गंभीर रहने, अपनी प्रतिभा पहचानने और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षक एवं गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सतीश जोशी, सहायक अध्यापक कैलाश गिरी, कार्यक्रम संचालक दिनेश जोशी, महरोज मियां, भूपेंद्र सिंह देव (ताऊजी), आशा राय, पुष्कर राम, सोनिका, इंदु जोशी, सीमा पाण्डेय, प्रकाश कुमार, भगवती प्रसाद तथा शिक्षक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष माधो सिंह अधिकारी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सीमांत क्षेत्र के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन देने के साथ ही उनकी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने की पहल की गई। ट्रस्ट की ओर से सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण करियर काउंसलिंग, कौशल विकास, स्वरोजगार और उच्च शिक्षा के अवसरों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने भविष्य में भी सीमांत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

More Stories
तामली में एसएसबी का 15 दिवसीय सॉफ्ट टॉय निर्माण प्रशिक्षण संपन्न
आईटीबीपी लोहाघाट को स्थानीय पशुपालकों ने की 459 किलो मुर्गियों की आपूर्ति
हत्या की झूठी सूचना देकर पुलिस को किया गुमराह, आरोपी गिरफ्तार