तामली में एसएसबी का 15 दिवसीय सॉफ्ट टॉय निर्माण प्रशिक्षण संपन्न
महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए किया प्रेरित, 20 महिलाओं ने लिया प्रशिक्षण
चम्पावत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की पंचम वाहिनी की ओर से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सीमांत गांव तामली में आयोजित 15 दिवसीय सॉफ्ट टॉय (टेडी बियर) निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हो गया। 30 अक्टूबर से 14 नवंबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण में 20 प्रशिक्षुओं ने प्रतिभाग किया।
पंचम वाहिनी एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट आशीष कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित समापन समारोह में उन्होंने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के कौशल विकास के साथ उन्हें स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने महिलाओं से प्रशिक्षण में सीखे गए हुनर का उपयोग कर स्वरोजगार शुरू करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीमा बल सीमा सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से वाहिनी की ओर से समय-समय पर विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। वहीं, जनजातीय गौरव पखवाड़ा-2026 के तहत जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और श्री अन्न के महत्व के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तामली देवेंद्र जोशी, पूर्व ग्राम प्रधान पोलप प्रलाद सिंह, माह सिंह, उप निरीक्षक हुकुम चंद, समवाय प्रभारी तामली, महिला जनजाति सेवा समिति खटीमा के सचिव सुरेश सिंह, मास्टर ट्रेनर कंचन बौरा एवं बबिता उरियाल सहित प्रशिक्षु और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

More Stories
आईटीबीपी लोहाघाट को स्थानीय पशुपालकों ने की 459 किलो मुर्गियों की आपूर्ति
राजकीय इंटर कॉलेज किमतोली में आयोजित हुआ करियर काउंसलिंग कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए सफलता के मंत्र
हत्या की झूठी सूचना देकर पुलिस को किया गुमराह, आरोपी गिरफ्तार