पड़ोसी से विवाद के बाद 22 वर्षीय महिला ने दवाइयों की ओवरडोज ली, जिला अस्पताल में भर्ती
चरित्र को लेकर टिप्पणी करने का लगाया आरोप, महिला ने पड़ोसी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का लगाया आरोप
चंपावत। कोतवाली क्षेत्र में पड़ोसी से हुए विवाद के बाद एक 22 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर दवाइयों की ओवरडोज ले ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से दिगालीचौड़ निवासी महिला अपने पति के साथ कोतवाली के समीप किराये के मकान में रहती है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर महिला की पड़ोसी से बहस हो गई। महिला का आरोप है कि पड़ोसी ने उसके चरित्र को लेकर गंभीर टिप्पणियां कीं। इससे आहत होकर महिला ने कथित तौर पर अधिक मात्रा में दवाइयों का सेवन कर लिया।
महिला ने पड़ोसी पर उसे आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जिला अस्पताल की प्रभारी सीएमएस डॉ. सोनाली मंडल ने बताया कि महिला ने दवाइयों की ओवरडोज ली थी। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम भी जिला अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।

More Stories
तामली में एसएसबी का 15 दिवसीय सॉफ्ट टॉय निर्माण प्रशिक्षण संपन्न
आईटीबीपी लोहाघाट को स्थानीय पशुपालकों ने की 459 किलो मुर्गियों की आपूर्ति
राजकीय इंटर कॉलेज किमतोली में आयोजित हुआ करियर काउंसलिंग कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए सफलता के मंत्र