लोहाघाट में दो दुकानों में हुई चोरी का खुलासा, 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार
**नशे की लत पूरी करने के लिए दुकानों को बनाया निशाना, पुलिस ने 12 हजार रुपये नकद और चोरी के बर्तन किए बरामद**
लोहाघाट। लोहाघाट में दो दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 12 हजार रुपये की नकदी समेत चोरी के बर्तन और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर को निर्मल सिंह ने अपनी दुकान में हुई चोरी के संबंध में थाना लोहाघाट में तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी संख्या 39/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम ने क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग तेज कर दी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मायावती आश्रम जाने वाले तिराहे के पास सफेद और भूरे रंग की हुडी पहने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की नकदी और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोहित कुमार (23) पुत्र मनोज कुमार, निवासी गैस गोदाम के निकट लोहाघाट के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपित के पास से 12 हजार रुपये नकद, एल्यूमीनियम का फ्राईपैन, एल्यूमीनियम का डेक, नॉनस्टिक कढ़ाई, स्टील की थाली, ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने नशे का आदी होने और अपनी लत पूरी करने के लिए छोटी-मोटी चोरियां करने की बात बताई। चोरी किए गए सामान को बेचकर वह रुपये जुटाता था। पुलिस की इस कार्रवाई से दो दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
इनकी रही टीम में भूमिका
चोरी की घटनाओं का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक ओमप्रकाश, अपर उपनिरीक्षक लाल सिंह अधिकारी, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल पवन भट्ट, अनिल शर्मा, संजय साहनी और टीपी हेम चंद्र मेहरा शामिल रहे।
चम्पावत पुलिस ने व्यापारियों और आमजन से दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की अपील की है। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने और नशे के अवैध कारोबार से संबंधित जानकारी पुलिस को देने का आग्रह किया है। नशे से संबंधित सूचना मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना डायल 112 पर दी जा सकती है।

More Stories
तामली में एसएसबी का 15 दिवसीय सॉफ्ट टॉय निर्माण प्रशिक्षण संपन्न
आईटीबीपी लोहाघाट को स्थानीय पशुपालकों ने की 459 किलो मुर्गियों की आपूर्ति
राजकीय इंटर कॉलेज किमतोली में आयोजित हुआ करियर काउंसलिंग कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए सफलता के मंत्र