विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों की निर्वाचन आयोग ने की समीक्षा
दो दिवसीय बैठक में डीएम और पुलिस अधिकारियों ने दिया प्रस्तुतीकरण, 21 प्रवर्तन एजेंसियों ने भी रखी तैयारियों की जानकारी
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की दो दिवसीय उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक मंगलवार को संपन्न हो गई। बैठक में प्रदेश के दोनों मंडलायुक्तों, पुलिस रेंज प्रभारियों, सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों सहित केंद्र व राज्य सरकार की 21 प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने चुनावी तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक आईटी सीमा खन्ना और मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ईवीएम की जांच को लेकर कार्यशाला
बैठक के पहले दिन जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विधानसभा चुनाव 2027 के दृष्टिगत आयोग की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
चुनावी तैयारियों का दिया ब्योरा
बैठक के दूसरे दिन मंगलवार को सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों में चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती की योजना और अपराध एवं कानून व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी।
अर्द्धसैनिक बलों, आबकारी, जीएसटी, परिवहन, वन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और सीमा शुल्क विभाग सहित 21 प्रवर्तन एजेंसियों ने भी चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों पर निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अपनी तैयारियां प्रस्तुत कीं।
निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार काम करने के निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित निर्वाचन कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव एसबी जोशी और बीके पाठक, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी नीलेश आनंद भरणे, कुमाऊं रेंज की आईजी नवनीत कुकरेती, गढ़वाल रेंज की प्रभारी आईजी विम्मी सचदेवा, स्टेट पुलिस नोडल अधिकारी आईजी कृष्ण कुमार वीके, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे सहित प्रदेश के सभी जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।
इसके अलावा संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

More Stories
मायावती में सेवा का संबल, निशुल्क चिकित्सा शिविरों से जरूरतमंदों को राहत
चंपावत में दर्जा मंत्री सुभाष बगौली और लोहाघाट में दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे को भाजपा ने सौंपी चुनाव की कमान
सूअर के आतंक से किसानों की फसलें बर्बाद, मुआवजे और तारबाड़ की मांग