चंपावत में सुभाष बगौली और लोहाघाट में श्याम नारायण पांडे को भाजपा ने सौंपी चुनाव की कमान
संगठनात्मक अनुभव और पुराने राजनीतिक रिश्तों के सहारे चुनावी जमीन मजबूत करने की तैयारी
चंपावत। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की नियुक्ति की है। इसके तहत चंपावत विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली और लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे को सौंपी गई है। दोनों नेताओं को जिले की दो विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी मिली है।
भाजपा की ओर से इन नियुक्तियों को बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। दोनों नेताओं का जिले की राजनीति और भाजपा संगठन से पुराना जुड़ाव रहा है।
सुभाष बगौली: संगठन से सहकारिता तक का अनुभव
चंपावत विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी बनाए गए सुभाष बगौली भाजपा के पुराने नेताओं में शामिल हैं। वह पूर्व में भाजपा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। संगठन में काम करने के अलावा सहकारिता और कृषि विपणन से जुड़े संस्थानों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
बगौली चंपावत दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष और मंडी समिति के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इन पदों पर रहते हुए उन्हें स्थानीय किसानों, दुग्ध उत्पादकों और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के बीच काम करने का अनुभव मिला।
भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर रहने के दौरान भी वह संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। मार्च 2025 में भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए हुई दावेदारी के दौरान उनका नाम पार्टी के अनुभवी नेताओं में शामिल था। अब चंपावत विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाए जाने के बाद उनके सामने पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं को चुनावी दृष्टि से सक्रिय करने की चुनौती होगी।
श्याम नारायण पांडे: संगठन और सरकारी दायित्वों का अनुभव
लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी बनाए गए श्याम नारायण पांडे भी जिले के वरिष्ठ भाजपा नेताओं में गिने जाते हैं। अप्रैल 2025 में उन्हें उत्तराखंड वन पर्यावरण सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इस पद के साथ उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया।
पांडे वर्ष 1998 में कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के निदेशक भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रहे हैं। पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहने के कारण उन्हें संगठनात्मक गतिविधियों और स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों का अनुभव है।
लोहाघाट ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में प्रभारी भी रहे और भाजपा ने जीत दर्ज की। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की सक्रियता बढ़ाने, सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की उन्हें जिम्मेदारी मिली है
अब लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी मिलने के बाद पांडे को पार्टी के पुराने और नए कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ ही चुनावी तैयारियों को गति देनी होगी।

More Stories
सूअर के आतंक से किसानों की फसलें बर्बाद, मुआवजे और तारबाड़ की मांग
15 अक्टूबर को नहीं होगी हड़ताल, 16 को दुग्ध संघ बोर्ड की बैठक के बाद तय होगी रणनीति
पॉलिटेक्निक में गुलदार की दहशत के बीच विद्यार्थियों को किया जागरूक