October 12, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

15 अक्टूबर को नहीं होगी हड़ताल, 16 को दुग्ध संघ बोर्ड की बैठक के बाद तय होगी रणनीति

Dukan Ad
Dukan Ad

15 अक्टूबर को नहीं होगी हड़ताल, 16 को दुग्ध संघ बोर्ड की बैठक के बाद तय होगी रणनीति
​जागरण संवाददाता, चम्पावत: आंचल दुग्ध संघ चम्पावत से जुड़े दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों द्वारा 15 अक्टूबर से प्रस्तावित हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। चम्पावत दुग्ध संघ डेरी विभाग द्वारा दुग्ध संघ डेरी सभागार में पशुपालकों और दुग्ध उत्पादक सचिवों के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह सहमति बनी।
​सभागार में 250 से अधिक दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे जिसमें भारी संख्या में महिला पशुपालक भी रही। दुग्ध उत्पादकों ने चेतावनी दी थी कि वे 15 अक्टूबर के बाद अगर उनकी मांगे पूर्ण नहीं हुई तो दुग्ध समितियों के माध्यम से संघ को दूध की आपूर्ति पूरी तरह बंद कर देंगे। किसानों के इस रुख को देखते हुए विभाग ने त्वरित पहल करते हुए इस वार्ता का आयोजन किया था।
​मांगों पर सकारात्मक वार्ता, हड़ताल वापस
बैठक के दौरान दुग्ध उत्पादकों ने अपनी प्रमुख माँगें प्रमुखता से रखीं:
​दूध की कीमतें: हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर दूध के क्रय दाम निर्धारित किए जाएं।
​पशु आहार व साइलेज: साइलेज और पशु आहार के दाम पूर्व की भांति कम किए जाएं तथा उन पर अनुदान बढ़ाया जाए।
​सचिव प्रोत्साहन: दुग्ध समितियों के सचिवों को दिए जाने वाले प्रोत्साहन भत्ते को ₹0.50 पैसे से बढ़ाकर ₹2.00 प्रति लीटर किया जाए।
​गहन विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि 15 अक्टूबर को दूध की आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी। आगामी 16 अक्टूबर को दुग्ध संघ की बोर्ड बैठक बुलाई गई है, जिसमें इन मांगों पर आधिकारिक निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही, दुग्ध संघ अध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराएगा।
​बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में सहायक निदेशक दुग्ध संघ सुनील अधिकारी, पूर्व दुग्ध संघ प्रबंधक जीएस राना, दुग्ध संघ अध्यक्ष प्रतिनिधि केसी जोशी, राजेश बिष्ट, रघुवर मुरारी, दीपक सुतेड़ी, मदन उपाध्याय, खीमानंद उपाध्याय, सुनील जोशी और मोहित मुरारी सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक व संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करे