पहली नवरात्र पर मां पूर्णागिरि धाम में उमड़े श्रद्धालु, 25 हजार ने किए दर्शन
नेपाल के सिद्धबाबा मंदिर में भी बढ़ी रौनक, जयकारों से गूंजा यात्रा मार्ग
संवाददाता, टनकपुर। मां पूर्णागिरि धाम में शारदीय नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रविवार देर शाम तक करीब 25 हजार श्रद्धालु मां के दर्शन कर चुके थे। शनिवार शाम से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो रात तक जारी रहा।
पहले दिन उत्तर प्रदेश के पीलीभीत, बहराइच, सहारनपुर, इटावा, अलीगढ़ और बरेली समेत उत्तराखंड के हल्द्वानी, रुद्रपुर व खटीमा से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे। पड़ोसी देश नेपाल के ब्रह्मदेव, महेंद्रनगर और बैतड़ी से भी श्रद्धालु मां के दर्शन को आए। दिन में श्रद्धालुओं की आवक कुछ कम रही, लेकिन देर शाम तक दर्शन करने वालों की संख्या करीब 25 हजार पहुंच गई।
मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद श्रद्धालु नेपाल के ब्रह्मदेव स्थित सिद्धबाबा मंदिर भी पहुंच रहे हैं। इससे ब्रह्मदेव मंडी में भी रौनक बढ़ गई है और व्यापारिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। यात्रा मार्ग मां के जयकारों से गूंजता रहा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि शनिवार शाम से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। भीड़ को देखते हुए मुख्य मंदिर में श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर दर्शन कराए जा रहे हैं।

More Stories
पॉलिटेक्निक में गुलदार की दहशत के बीच विद्यार्थियों को किया जागरूक
12 सूत्रीय मांगों को लेकर मिनिस्टीरियल कार्मिक रवाना, आज सचिवालय घेरेंगे
237.74 करोड़ का आईएसबीटी बन रहा, खटारा बसों से सफर करने को मजबूर यात्री