November 25, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

भोर की पहली किरण के साथ लधौनधुरा मंदिर की परिक्रमा को उमड़े शिव भक्त

भोर की पहली किरण के साथ लधौनधुरा मंदिर की परिक्रमा को उमड़े शिव भक्त

**शिव-पार्वती और गणेश के डोले ने की मंदिर की परिक्रमा, दो दिवसीय लधौनधुरा मेला संपन्न**

**लोहाघाट।** लधियाघाटी क्षेत्र के प्रसिद्ध लधौनधुरा शिव मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को भोर की पहली किरण निकलते ही शिव भक्तों ने मंदिर की परिक्रमा की। इस दौरान शिव-पार्वती और गणेश के डोले ने मंदिर की परिक्रमा की, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। धार्मिक आस्था और परंपरा के साथ दो दिवसीय लधौनधुरा मेला शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।

सोमवार देर रात खरही शिव मंदिर से शिव, पार्वती और गणेश के डोलों को आकर्षक ढंग से सजाकर करीब 12 किलोमीटर की कठिन और खड़ी चढ़ाई पार करते हुए लधौनधुरा शिव मंदिर पहुंचाया गया। रातभर मंदिर परिसर में झोड़ा, झुमटा और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। मंगलवार भोर की पहली किरण के साथ डोलों ने मंदिर की परिक्रमा की। इसके बाद डोले को लधौनधुरा मंदिर से वैजगांव के लिए ले जाया गया।

इस दौरान क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में वर्षभर पूजा-अर्चना के लिए सुरेश चंद्र शर्मा को पुजारी नियुक्त किया गया। मंदिर के पुजारी देवकीनंदन शर्मा ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। पुरोहितों ने विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।

डोला यात्रा मार्ग में गोली-बिरगुल के युवाओं की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मेले के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मेले के सफल आयोजन पर मेला समिति ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार जताया।

**ये रहे मौजूद:** खरही मेला कमेटी अध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, लधौनधुरा मेला कमेटी अध्यक्ष कैलाश सिंह महराना, दीवान सिंह, दर्जा राज्यमंत्री मुकेश महराना, शिवराज सिंह, बीडीसी सदस्य कमला भट्ट, रमेश शर्मा, दलीप सिंह, मदन सिंह, दुर्गानाथ, शिवराज बिष्ट, पूर्णानंद शर्मा, बिरगुल ग्राम प्रधान कुलदीप महराना, अशोक बिष्ट, अमर सिंह, देवीदत्त, प्रकाश बोहरा, मीडिया प्रभारी दीपक शर्मा, खुशाल सिंह, सोबन सिंह, कमल सिंह, बंटी महराना, महेश सिंह महराना और पान सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

**फोटो कैप्शन:** लधौनधुरा मंदिर की परिक्रमा करते श्रद्धालु।

शेयर करे