# लोहाघाट में 25 लाख की चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार
### पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 4.1 किलो चरस बरामद, उत्तर प्रदेश में बेचने की थी तैयारी
**लोहाघाट।** चम्पावत जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। लोहाघाट क्षेत्र के पुल्ला पंचेश्वर में कार्रवाई करते हुए टीम ने एक तस्कर को चार किलो 100 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है। आरोपित चरस को लोहाघाट क्षेत्र से एकत्र कर उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नवाबगंज में बेचने की फिराक में था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 25 नवंबर को सूचना तंत्र से मिली सटीक जानकारी के आधार पर थाना लोहाघाट पुलिस और एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट ने संयुक्त अभियान चलाया।
पुलिस ने पुल्ला पंचेश्वर क्षेत्र में कार्रवाई कर सुरेश सिंह तिसल्ला पुत्र दान सिंह तिसल्ला, निवासी खतेड़ा मल्ला, थाना पंचेश्वर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार किलो 100 ग्राम चरस बरामद की।
### पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह चरस को लोहाघाट क्षेत्र से एकत्र कर उत्तर प्रदेश के नवाबगंज, बरेली निवासी भरतवीर गंगवार उर्फ पंडित जी को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस अब चरस की आपूर्ति के स्रोत और खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, तस्करी की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। नशे के इस अवैध कारोबार में शामिल सभी लोगों तक पहुंचकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
### संयुक्त टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में थाना लोहाघाट पुलिस की ओर से थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक कुंदन बोरा, आरक्षी पवन भट्ट, आरक्षी कुलदीप और संजय साहनी शामिल रहे।
वहीं एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट की टीम में उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार शामिल रहे।
### नशे की सूचना पुलिस को दें
चम्पावत पुलिस ने आमजन से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा कि आसपास मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की जानकारी मिलने पर मानस हेल्पलाइन 1933, आपातकालीन नंबर 112 अथवा नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
#चम्पावत #लोहाघाट #ऑपरेशनप्रहार #चम्पावतपुलिस #STF #चरसबरामद #नशातस्करगिरफ्तार #नशामुक्तउत्तराखंड #ड्रग्सफ्रीदेवभूमि #नशामुक्तभारत #पुलिसकार्रवाई #उत्तराखंडन्यूज #चंपावतलाइव

More Stories
नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए पांच केंद्रों पर 1,319 अभ्यर्थी पंजीकृत
राजस्व वादों और नामांतरण के लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करें: डीएम
चंपावत में पीआरडी जवानों का कार्य बहिष्कार जारी, समान कार्य समान वेतन 365 दिन रोजगार की मांग