November 25, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए पांच केंद्रों पर 1,319 अभ्यर्थी पंजीकृत

नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए पांच केंद्रों पर 1,319 अभ्यर्थी पंजीकृत

**28 नवंबर को होगी परीक्षा, अभ्यर्थियों को सुबह 10:30 बजे तक पहुंचना होगा केंद्र**

**चम्पावत, 25 नवंबर।** जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी-2027) के सफल, सुचारु और निष्पक्ष संचालन को लेकर जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी 28 नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए जिले के पांच केंद्रों पर कुल 1,319 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, चम्पावत में परीक्षा तैयारियों को लेकर अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी सहित संबंधित अधिकारियों, विद्यालय के प्रधानाचार्य और परीक्षा केंद्रों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं और परीक्षा में तैनात कार्मिकों के दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई।

**पांच केंद्रों पर होगी परीक्षा**

जनपद में परीक्षा के लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज बाराकोट में 155, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चम्पावत में 288, वीवीएमआईसी जूप, चम्पावत में 248, वीवीएमआईसी लोहाघाट में 317 और राजकीय इंटर कॉलेज पाटी में 311 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

**व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश**

बैठक में केंद्र अधीक्षकों को रोल नंबर के अनुसार परीक्षा कक्ष आवंटित करने, अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था करने और केंद्रों पर आवश्यक सूचनाएं प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट की सुरक्षा व गोपनीयता बनाए रखने के साथ ही परीक्षा में तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों को उनके दायित्व स्पष्ट रूप से बताने को कहा गया।

अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय पहचान और प्रवेश पत्र की जांच अनिवार्य रूप से करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि परीक्षा का संचालन व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से किया जा सके।

**सुबह 10:30 बजे तक पहुंचना अनिवार्य**

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 28 नवंबर को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होगी। सभी अभ्यर्थियों को सुबह 10:30 बजे तक अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य है।

प्रवेश पत्र परीक्षा पोर्टल https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs से डाउनलोड किया जा सकता है।

शेयर करे