राजस्व वादों और नामांतरण के लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करें: डीएम
मासिक स्टाफ बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व कार्यों की समीक्षा की, आबकारी विभाग को छापेमारी बढ़ाने के निर्देश
**शीतलहर से बचाव की तैयारियां समय पर पूरी करने और ई-ऑफिस का अधिक उपयोग करने पर दिया जोर**
**चंपावत, 25 नवंबर।** जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को राजस्व वादों और नामांतरण के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में आने वाले नागरिकों को उनके मामलों की स्थिति और आगे की प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बुधवार को जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली, राजस्व एवं फौजदारी वादों, नामांतरण, राजस्व भवनों के निर्माण और जनसामान्य से जुड़ी सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में तहसीलों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय पर कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और पटवारी अपने स्तर से आवेदकों को उनके प्रकरणों की स्थिति से अवगत कराएं।
### लंबित वादों के निस्तारण में लाएं तेजी
जिलाधिकारी ने धारा 34 के तहत लंबित प्रकरणों की नियमित बैठक कर समीक्षा करने और नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए। एलआर एक्ट के तहत लंबे समय से लंबित वादों को प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा। उन्होंने राजस्व वसूली में तेजी लाने, समन और नोटिस की समय पर तामील सुनिश्चित करने तथा चरित्र सत्यापन और अंश निर्धारण के प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने किसानों के अभिलेख समय पर अद्यतन करने को कहा।
### आबकारी विभाग छापेमारी बढ़ाए
आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला आबकारी अधिकारी को अधिक सक्रियता से छापेमारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अर्थदंड की कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने लंबित मजिस्ट्रियल जांचों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए। सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का मौके की स्थिति के अनुसार निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
### शीतलहर से बचाव की तैयारी समय पर करें
जिलाधिकारी ने आपदा राहत से जुड़े लंबित प्रकरणों पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आगामी शीतलहर को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बचाव एवं राहत की तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा।
उन्होंने पत्रावलियों के निस्तारण और लंबित मामलों की निगरानी के लिए ऑनलाइन माध्यमों तथा ई-ऑफिस का अधिक से अधिक उपयोग करने पर जोर दिया।
बैठक में उपजिलाधिकारी चंपावत बीसी पंत, उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, जिला शासकीय अधिवक्ता विद्याधर जोशी, जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र लाल सहित संबंधित तहसीलदार और अन्य कार्मिक मौजूद रहे।

More Stories
नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए पांच केंद्रों पर 1,319 अभ्यर्थी पंजीकृत
लोहाघाट में 25 लाख की चरस के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार
चंपावत में पीआरडी जवानों का कार्य बहिष्कार जारी, समान कार्य समान वेतन 365 दिन रोजगार की मांग