November 25, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

चंपावत में पीआरडी जवानों का कार्य बहिष्कार जारी, समान कार्य समान वेतन 365 दिन रोजगार की मांग

चंपावत में पीआरडी जवानों का कार्य बहिष्कार जारी, समान कार्य समान वेतन 365 दिन रोजगार की मांग
365 दिन रोजगार और समान कार्य-समान वेतन की मांग पर अड़े जवान, अधिकारियों के वाहन भी नहीं चल पाए

चंपावत। अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों का कार्य बहिष्कार बुधवार को भी जारी रहा। छतार स्थित पीआरडी भवन कार्यालय परिसर में जवानों ने जोरदार प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कार्य बहिष्कार के चलते विभिन्न विभागों में तैनात पीआरडी वाहन चालकों ने वाहन नहीं चलाए, जिससे अधिकारियों के वाहन भी नहीं चल पाए। जवानों के आंदोलन से विभागीय कार्यों पर भी असर पड़ रहा है।

जिले के अधिकांश पीआरडी जवान विभिन्न सरकारी विभागों और कार्यालयों में तैनात हैं। इनमें सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ ही वाहन चालक, कंप्यूटर ऑपरेटर और अन्य जिम्मेदारियां निभाने वाले जवान शामिल हैं। जवानों का कहना है कि वे विभागों में पूरी निष्ठा से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं किया जा रहा है।

लंबे समय से उठा रहे मांगें

पीआरडी जवान लंबे समय से वर्ष के 365 दिन रोजगार, समान कार्य के लिए समान वेतन और महंगाई भत्ते का लाभ देने की मांग कर रहे हैं। जवानों का कहना है कि विभिन्न विभागों में नियमित रूप से कार्य करने के बावजूद उन्हें वर्षभर रोजगार की गारंटी और अन्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

पूर्व में भी जवानों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर मांगों के समाधान की अपील की थी। इसके बावजूद ठोस निर्णय नहीं होने से जवानों में नाराजगी बनी हुई है।

### मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

पीआरडी जवानों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार और आंदोलन जारी रहेगा। जवानों ने सरकार से उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।

पूर्व प्रकाशित खबरों के अनुसार, पीआरडी हित संगठन के संरक्षक रमेश चंद्र जोशी ने बताया था कि चंपावत जिले में 280 पुरुष और 49 महिला पीआरडी जवान कार्यरत हैं। जवानों ने मांगों का समाधान नहीं होने पर आगामी कुंभ मेला और अन्य महत्वपूर्ण ड्यूटियों का भी बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल

प्रदर्शन में पीआरडी जिलाध्यक्ष भैरव जोशी, अनिता महर, अनिता देवी, सुनीता मेहता और दीपक मेहता,
जवान रमेश जोशी, विनोद नेगी, सुरेश पांडेय, मोहन भट्ट, नरेंद्र प्रसाद, राजेंद्र बगौली, सतीश कुमार, दिनेश चंद्र तिवारी, दरबान सिंह, रामलाल, रमेश राय, फकीर कुमार, रेखा चौड़ाकोटी, राजेश कुमार, लक्ष्मी दत्त जोशी, बालादत्त जोशी, प्रेमलता पिंकी, रेखा बोहरा, दीपा बिष्ट, बबीता पंत, आयुष सिंह, मनोज चौबे, ईश्वर राम, महेश और सूरज शर्मा सहित अन्य
भी मौजूद रहे।

शेयर करे