November 25, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

कालसन–भोलेश्वर परियोजना का डीएम मनीष कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण

कालसन–भोलेश्वर परियोजना का डीएम मनीष कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण

**जल संरक्षण के लिए 800 कंटूर और 70 रिचार्ज पिट का निर्माण पूरा, रौखेत और दुधाताल में चेकडैम निर्माण जल्द शुरू करने के निर्देश**

चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लघु सिंचाई विभाग की ओर से सारा मद के अंतर्गत संचालित कालसन–भोलेश्वर परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ताराचौड़ स्ट्रीम में निर्माणाधीन चेकडैम कार्यों की प्रगति का जायजा लिया, वहीं कालसन स्ट्रीम में निर्मित चेकडैम का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से परियोजना के तहत पूर्ण और शेष कार्यों की जानकारी ली।

लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विमल कुमार सूँठा ने बताया कि 261 लाख रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए 800 कंटूर, 80 रिचार्ज पिट और 25 चेकडैम का निर्माण किया जाना है। अब तक सभी 800 कंटूर, 70 रिचार्ज पिट और दो चेकडैम का निर्माण पूरा हो चुका है।

जिलाधिकारी ने रौखेत और दुधाताल स्ट्रीम में चेकडैम निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने को कहा।

उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत बनाए जा रहे कंटूर और चेकडैम वर्षाजल के बहाव को धीमा कर मिट्टी के कटाव को रोकने तथा जल संरक्षण में मददगार होंगे। वहीं, रिचार्ज पिट वर्षाजल को जमीन में सोखने और भूजल पुनर्भरण में सहायक होंगे।

निरीक्षण के दौरान लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विमल कुमार सूँठा, सहायक अभियंता अंकित पांडे और कनिष्ठ अभियंता गरिमा पांडे उपस्थित रहे।

शेयर करे