संस्कृत संस्थानम् के उपाध्यक्ष डॉ. नवीन चंद्र पंत ने किया कूर्मांचल एंग्लो संस्कृत विद्यालय का निरीक्षण
विद्यालय भवन के नवनिर्माण के लिए मुख्यमंत्री ने स्वीकृत किए 4.25 करोड़ रुपये, जल्द मिलेगी धनराशि
चंपावत। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् के उपाध्यक्ष दर्जा मंत्री डॉ. नवीन चंद्र पंत ने रविवार को चंपावत स्थित कूर्मांचल एंग्लो संस्कृत विद्यालय पहुंचकर विद्यालय के आचार्यों एवं विद्यार्थियों से मुलाकात की और विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विद्यालय पहुंचने पर आचार्यों और विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका स्वागत किया।
इस दौरान डॉ. पंत ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विद्यालय भवन के नवनिर्माण के लिए 4.25 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। यह धनराशि शीघ्र अवमुक्त होने की उम्मीद है। इससे विद्यालय में नए भवन के साथ सभागार, पुस्तकालय, खेल मैदान सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कृत उत्तराखंड की द्वितीय राजभाषा है। प्रदेश सरकार संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् की ओर से भी समय-समय पर संस्कृत प्रतियोगिताओं और सम्मेलनों का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि चार और पांच दिसंबर को हरिद्वार में अखिल भारतीय ज्योतिष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे, जबकि समापन राज्यपाल की उपस्थिति में होगा। सम्मेलन में देशभर के ज्योतिषाचार्य अपनी गणनाओं के आधार पर विभिन्न विषयों पर विचार प्रस्तुत करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रबंधक उमापति जोशी, पूर्व आचार्य श्याम मुरारी शास्त्री, आचार्य चंद्रशेखर, आचार्य मोहित जोशी, आचार्या हेमा जोशी सहित विद्यालय के विद्यार्थी मौजूद रहे।

More Stories
23 नवंबर को चम्पावत दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री धामी, विकास योजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
25 नवंबर को दुग्ध संघ कार्यालय में होगी तालाबंदी, किसान मंच ने दिया समर्थन
लोहाघाट में बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग, 9.99 करोड़ रुपये मंजूर