November 21, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

लोहाघाट में बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग, 9.99 करोड़ रुपये मंजूर

लोहाघाट में बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग, 9.99 करोड़ रुपये मंजूर

**पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड में होगा निर्माण, बाजार में पार्किंग और यातायात की समस्या से मिलेगी राहत**

चम्पावत। लोहाघाट के पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परियोजना और अन्य निर्माण कार्यों के लिए करीब 9.99 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीएनडीएस को सौंपी गई है।

‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना के तहत बनने वाली इस पार्किंग से लोहाघाट बाजार में लंबे समय से बनी पार्किंग की समस्या दूर होने की उम्मीद है। मल्टीलेवल पार्किंग बनने से वाहनों को एक ही स्थान पर व्यवस्थित रूप से खड़ा किया जा सकेगा। इससे सड़क किनारे वाहनों का दबाव कम होगा और बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।

गौरतलब है कि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पूर्व में लोहाघाट के पार्किंग स्थलों और टैक्सी स्टैंड का निरीक्षण कर वाहनों की पार्किंग एवं संचालन व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए थे। पार्किंग निर्माण से स्थानीय लोगों, व्यापारियों, टैक्सी संचालकों और पंचेश्वर मार्ग पर आवाजाही करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। साथ ही बाजार में पैदल चलने वालों को भी आवागमन के लिए अधिक जगह मिल सकेगी।

शेयर करे