सुई गांव में वन विभाग में ट्रेंकुलाइज कर गुलदार को पकड़ा, आदमखोर होने की पुष्टि का इंतजार; ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
चार नवंबर को 13 वर्षीय हर्षित पुजारी को बनाया था निवाला, घटना के बाद से दहशत में थे ग्रामीण; बच्चों का स्कूल जाना तक हुआ था मुश्किल
चम्पावत/लोहाघाट। लोहाघाट के सुई डूंगरी क्षेत्र में दहशत का पर्याय बने गुलदार को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, बताया जा रहा है कि वन विभाग ने गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर पिंजरे में कैद कर दिया है। हालांकि, पपकड़ा गया गुलदार चार नवंबर को 13 वर्षीय बालक हर्षित पुजारी को मौत के घाट उतारने वाला वही गुलदार है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। इसके बावजूद गुलदार के पिंजरे में कैद होने की खबर से ग्रामीणों ने काफी हद तक राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि चार नवंबर की देर शाम सुई डूंगरी निवासी 13 वर्षीय हर्षित पुजारी पुत्र गंगादत्त पुजारी रायकोट का मेला देखकर घर लौट रहा था। इसी दौरान घर से करीब 200 मीटर पहले गुलदार ने उस पर हमला कर दिया था। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की तो उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया था। लोगों ने वन विभाग से हमलावर गुलदार को तत्काल पकड़ने और उसे आदमखोर घोषित करने की मांग उठाई थी। गुलदार की दहशत इस कदर बढ़ गई थी कि ग्रामीण अपने बच्चों को स्कूल भेजने तक में डरने लगे थे। कई परिवारों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक हमलावर गुलदार पकड़ा नहीं जाता, तब तक क्षेत्र में सामान्य जनजीवन बहाल होना मुश्किल है।
छह पिंजरे और 20 ट्रैप कैमरों से चल रही थी निगरानी
घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया था। शुरुआत में पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए गए, लेकिन गुलदार लगातार वन विभाग को चकमा देता रहा। बाद में अभियान का दायरा बढ़ाते हुए छह पिंजरे, 20 ट्रैप कैमरे और तीन लाइव कैमरे लगाए गए। ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जा रही थी। इसके अलावा 15 सदस्यीय वन विभाग की टीम नियमित गश्त कर रही थी, जिसमें दो ट्रैंकुलाइजिंग टीमें भी शामिल थीं।
ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर गांव में पांच सोलर लाइटें भी लगाई गई थीं। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को रात के समय अनावश्यक बाहर नहीं निकलने, घरों के आसपास झाड़ियों की सफाई करने और सतर्कता बरतने की अपील की गई थी।
अब पहचान की पुष्टि पर टिकी निगाहें
गुलदार पकड़े जाने की सूचना के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह वही गुलदार है जिसने मासूम हर्षित की जान ली थी? इसकी पुष्टि के लिए वन विभाग की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि यदि पकड़ा गया गुलदार वही हमलावर है तो क्षेत्र में लंबे समय से बना भय समाप्त हो सकेगा और बच्चे एक बार फिर बिना डर के स्कूल जा सकेंगे।
फिलहाल गुलदार के पकड़े जाने की खबर से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है, लेकिन हमलावर गुलदार की पहचान और वन विभाग की आधिकारिक पुष्टि होने तक सतर्कता जरूरी है।
#Champawat #Lohaghat #SuiDungri #LeopardAttack #Guldar #UttarakhandNews #ChampawatNews #ForestDepartment #HarshitPujari #WildlifeAttack #UttarakhandPolice #चंपावत #लोहाघाट #सुईडूंगरी #गुलदारआतंक #चंपावतलाइव

More Stories
चुनावी रण से पहले खुशाल अधिकारी को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 4.5 साल बाद आया फैसला; 2027 की सियासत में मिलेगा कितना फायदा?
लोहाघाट की पेयजल समस्या होगी दूर, सरयू लिफ्ट पेयजल योजना को मिले 10.50 करोड़
सैलजा की नसीहत पर मुन्ना ढेक का पलटवार, बोले- लोहाघाट में हमारी नहीं सुनी तो दिल्ली में कौन सुनेगा? विधायक पर लगाए गंभीर आरोप