November 19, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 25 नवंबर को आंदोलन करेंगे दुग्ध उत्पादक

मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 25 नवंबर को आंदोलन करेंगे दुग्ध उत्पादक
दुग्ध मूल्य बढ़ाने, पशु आहार पर सब्सिडी और सचिवों का मानदेय बढ़ाने की मांग उठाई
लोहाघाट। दुग्ध उत्पादकों की लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने से उनमें आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर दुग्ध उत्पादकों ने 25 नवंबर को जिलेभर में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। गुरुवार को कोट भैंसक दुग्ध समिति, देवीधुरा में आयोजित बैठक में पशुपालकों ने अपनी तीन सूत्रीय मांगें दुग्ध संघ के अधिकारियों के सामने रखीं।
बैठक में दुग्ध उत्पादकों ने दूध का खरीद मूल्य तत्काल बढ़ाने, पशु आहार पर सब्सिडी देने और दुग्ध समितियों के सचिवों का मानदेय बढ़ाने की मांग प्रमुखता से उठाई। पशुपालकों का कहना था कि वे दिन-रात मेहनत कर दुग्ध उत्पादन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। वहीं, पशु आहार की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मांगों के संबंध में मुख्य सचिव, दुग्ध एवं डेयरी विभाग के सचिव, पशुपालन विभाग, मुख्यमंत्री और पशुपालन मंत्री को पत्र भेजा जाएगा। दुग्ध उत्पादकों ने स्पष्ट किया कि यदि अगले दो दिनों में उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 25 नवंबर को जिलेभर में आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में जिला आंचल दुग्ध संघ के प्रबंधक हरीश बोरा, पूर्व प्रबंधक जीएस राणा, बृजेश बगौली और सुरेश जोशी मौजूद रहे। सचिव संगठन की ओर से रघुवर मुरारी, दीपक सुतेड़ी, मदन उपाध्याय, मोहन चौबे, राजेश बिष्ट, भास्कर बिष्ट और सोबन चम्याल सहित अन्य लोगों ने विचार रखे।

शेयर करे