November 19, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

पारिवारिक विवाद से तंग आकर युवती ने दी जान, मौके से मिला सुसाइड नोट

पारिवारिक विवाद से तंग आकर युवती ने दी जान, मौके से मिला सुसाइड नोट
**पाटी के खुतेली गांव की घटना, पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर ताऊ से चल रहा था विवाद**

चंपावत/पाटी।
पाटी विकासखंड के खुतेली गांव में पारिवारिक विवाद से परेशान एक 20 वर्षीय युवती की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवती घर के कमरे में मृत अवस्था में मिली। घटनास्थल के पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। युवती के परिजनों ने ताऊ पर आए दिन गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।

पाटी थाने के उपनिरीक्षक दिनेश भट्ट के मुताबिक, 18 नवंबर की शाम करीब सात बजे बाद पुलिस को 112 नंबर के माध्यम से खुतेली गांव में युवती की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां रंजना उर्फ रेनू (20) पुत्री राजेंद्र सिंह महरा अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे मृत अवस्था में मिली। पुलिस को घटनास्थल के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जांच में शामिल किया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती का परिवार में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर अपने ताऊ जगदीश से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इस विवाद के चलते आए दिन गाली-गलौज होती थी। इसी पारिवारिक तनाव से परेशान होकर युवती ने यह कदम उठाया। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

बताया गया है कि मृतका के पिता राजेंद्र सिंह महरा गुजरात में नौकरी करते हैं, जबकि उसका भाई भी बाहर रहता है। गांव में युवती अपनी मां और बहन के साथ रह रही थी। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट भेज दिया है। घटना की सूचना मृतका के पिता और भाई को भी दे दी गई है।

युवती की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर है। पुलिस सुसाइड नोट और पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

शेयर करे