November 19, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को मिला 70 लाख का ऋण, बृहद ऋण वितरण मेले का शुभारंभ

सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को मिला 70 लाख का ऋण, वृहत ऋण वितरण मेले का शुभारंभ

**चंपावत में आयोजित मेले में पशुपालन, मुर्गी पालन और फसल ऋण के चेक बांटे; किसानों को विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी**

चंपावत। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चंपावत बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति के सभागार में सहकारिता विभाग की ओर से बृहद ऋण वितरण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान विभिन्न सहकारी समितियों से जुड़े काश्तकारों को करीब 70 लाख रुपये के ऋण के चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता चंपावत सहकारी समिति की अध्यक्ष मंजू साह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख अंचला भोहरा मौजूद रहीं। अति विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साह और कुमाऊं मंडल विकास निगम के निदेशक रोहित बिष्ट ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

मेले में चंपावत, धुरा, कोट अमोड़ी, मंच, शिपटी, सीमिया और हरटोला सहित विकासखंड चंपावत की विभिन्न बहुउद्देशीय साधन सहकारी समितियों से जुड़े किसानों को ऋण के चेक वितरित किए गए। इसमें पशुपालन मद में 12 लाख रुपये, मुर्गी पालन मद में चार लाख 80 हजार रुपये और फसल ऋण मद में 13 लाख 70 हजार रुपये सहित कुल 70 लाख रुपये के चेक शामिल रहे।

**किसानों को दी योजनाओं की जानकारी**

कार्यक्रम में पशुपालन विभाग की ओर से डॉ. वैशाली सहदारा ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को पशुपालन के माध्यम से स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं अपर जिला सहकारी अधिकारी सुभाष गहतोड़ी ने सहकारिता विभाग की दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना, मिलेट मिशन, जन औषधि केंद्र, जन सुविधा केंद्र, माधव सिंह भंडारी योजना और मुर्गी पालन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

जिला सहकारी बैंक चंपावत के शाखा प्रबंधक आनंद प्रकाश ने बैंक की ओर से संचालित ऋण योजनाओं और अन्य बैंकिंग सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने 7.99 प्रतिशत ब्याज दर पर कार ऋण सहित विभिन्न ऋण सुविधाओं की जानकारी भी दी।

**किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर**

कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने सहकारिता एवं पशुपालन विभाग की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से किसानों को आर्थिक सहायता मिलने के साथ ही स्वरोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होते हैं। उन्होंने पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में चंपावत बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति का निरीक्षण भी किया गया।

इस दौरान अपर जिला सहकारी अधिकारी सुभाष गहतोड़ी, सुधीर लोहनी, सहायक विकास अधिकारी गौरव शर्मा, समिति सचिव महेश सिंह भोहरा, हरीश मथेला, ललित चौड़ाकोटी, हरीश जोशी, खीम सिंह कुंवर, कृष्ण भट्ट, तुलसी भट्ट सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

जिला सहकारी बैंक पिथौरागढ़ के उप महाप्रबंधक संजीव सिंह, आरती डोभाल, पिथौरागढ़ शाखा प्रबंधक ललित शर्मा, नगरपालिका सभासद नंदन तड़ागी और गौरव पांडे, व्यापार संघ के पदाधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन समिति सचिव महेश सिंह बोहरा ने किया ।

शेयर करे