November 21, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

बनलेख बैरियर पर बाइक की डिग्गी से मिली 110 ग्राम चरस, एक गिरफ्तार

बनलेख बैरियर पर बाइक की डिग्गी से मिली 110 ग्राम चरस, एक गिरफ्तार

चंपावत। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंपावत कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक युवक को 110 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त यामाहा मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश और क्षेत्राधिकारी चंपावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 20 नवंबर को कोतवाली चंपावत पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम बनलेख बैरियर पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान टीम ने यामाहा मोटरसाइकिल संख्या UK06-8392 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक की डिग्गी से 110 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही बाइक सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान सागर गिरी उर्फ प्रिंस दशरथ निवासी बाजू मोड़ी, विष्णु प्रयाग मंदिर के पास, थाना लोहाघाट, चंपावत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कोतवाली चंपावत में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।

नशे के खिलाफ अभियान जारी

चंपावत पुलिस ने आमजन से नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

शेयर करे