25 नवंबर को दुग्ध संघ कार्यालय में होगी तालाबंदी, किसान मंच ने दिया समर्थन
**प्रदेश अध्यक्ष कार्तिक उपाध्याय बोले- चम्पावत से उठी पशुपालकों की आवाज पूरे उत्तराखंड में गूंजेगी, खुद भी आंदोलन में होंगे शामिल**
चम्पावत। दूध का उचित मूल्य देने की मांग को लेकर पशुपालकों का आंदोलन अब प्रदेशव्यापी रूप लेने जा रहा है। किसान मंच उत्तराखंड ने 25 नवंबर को चम्पावत दुग्ध संघ कार्यालय में प्रस्तावित तालाबंदी आंदोलन को पूर्ण समर्थन दिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कार्तिक उपाध्याय ने कहा कि वह स्वयं भी आंदोलन में शामिल होंगे और पशुपालकों की मांग को प्रदेश स्तर पर उठाएंगे।
उपाध्याय ने कहा कि किसान मंच गाय के दूध का खरीद मूल्य 61 रुपये और भैंस के दूध का मूल्य 71 रुपये प्रति लीटर करने की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक माह पूर्व दुग्ध संघ के अधिकारियों और कर्मचारियों के आग्रह पर पशुपालकों ने त्योहारों को देखते हुए आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
उन्होंने दुग्ध संघ और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार समय मांगने के बजाय अधिकारियों को शासन स्तर पर दूध के दाम बढ़ाने के लिए प्रभावी पहल करनी चाहिए। पशुपालक बढ़ती पशु आहार, चारा और अन्य खर्चों के बीच आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे में उन्हें दूध का उचित मूल्य मिलना जरूरी है।
**दुग्ध समिति सचिवों से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील**
कार्तिक उपाध्याय ने दुग्ध सहकारी समितियों के सचिवों से भी 25 नवंबर के आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान मंच पशुपालकों के साथ ही दुग्ध समिति सचिवों का प्रोत्साहन मानदेय बढ़ाकर दो रुपये प्रति लीटर करने की मांग भी कर रहा है। पशुपालक और समिति सचिव एक-दूसरे के सहयोगी हैं। दोनों के हित जुड़े हुए हैं और यह संघर्ष उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए है।
उन्होंने कहा कि चम्पावत से शुरू होने वाला यह आंदोलन केवल एक जिले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसान मंच इसे प्रदेश के प्रत्येक जिले तक पहुंचाएगा। राज्य सरकार से पशुपालकों की मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि पशुपालक खैरात नहीं, बल्कि अपनी मेहनत का उचित मूल्य मांग रहे हैं। किसान मंच इस संघर्ष में उनके साथ खड़ा है।

More Stories
लोहाघाट में बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग, 9.99 करोड़ रुपये मंजूर
107.35 करोड़ से संवरेगा टनकपुर का शारदा घाट, डीएम ने किया निरीक्षण
बनलेख बैरियर पर बाइक की डिग्गी से मिली 110 ग्राम चरस, एक गिरफ्तार