November 23, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

165 करोड़ की योजनाओं से संवरेगा चम्पावत, सीएम ने 54 विकास कार्यों की दी सौगात

165 करोड़ की योजनाओं से संवरेगा चम्पावत, सीएम ने 54 विकास कार्यों की दी सौगात

चम्पावत को 165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया लोकार्पण-शिलान्यास
टनकपुर-बनबसा में 86.83 करोड़ से बनेगी आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, पूर्णागिरि में रोपवे और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण जारी
चम्पावत, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत दौरे के दौरान जिले को 165.68 करोड़ रुपये की 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 16,567.56 लाख रुपये की 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करने के साथ सरकारी योजनाओं से आत्मनिर्भर बने पांच लाभार्थियों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। इन योजनाओं से सड़क, पेयजल, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। विकास का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
टनकपुर-बनबसा को जलभराव से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर और बनबसा में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की जल निकासी योजना स्वीकृत की गई है। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान होने वाले जलभराव से लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के तहत शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में 107.35 करोड़ रुपये के कार्य गतिमान हैं। कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक है।
पूर्णागिरि में 45 करोड़ से बनेगा रोपवे
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे का निर्माण किया जा रहा है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए 48.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बनबसा में करीब 502 करोड़ रुपये की लागत से लैंड पोर्ट परियोजना भी विकसित की जा रही है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
लोहाघाट में 256.97 करोड़ से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण हो रहा है। इससे क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा 55.53 करोड़ रुपये से साइंस सेंटर और करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आदर्श चम्पावत की परिकल्पना केवल जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखंड के निर्माण का भी आधार बनेगी। सरकार गांवों और सीमांत क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पांच लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें बस्टिया के त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, गुदमी की लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, उचोलीगोठ की पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) तथा गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लाभार्थियों की सफलता अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष निर्मल माहरा, दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, सुभाष बगौली और मुकेश महराना, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

शेयर करे