सीमा पार अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर दिया जोर
चंपावत। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर चंपावत पुलिस और नेपाली सुरक्षा अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। इसमें संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और सुरक्षा संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने आठ अक्टूबर को नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) नेपाल के अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक टनकपुर चेतन रावत सहित अन्य अधिकारियों ने कंचनपुर और महेंद्रनगर क्षेत्र के नेपाली सुरक्षा अधिकारियों के साथ सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
वार्ता में सीमा से लगे गांवों और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने, सीमा पार होने वाली संदिग्ध एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा किसी भी सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर सहमति जताई गई।
अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित संपर्क और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर भी जोर दिया। चंपावत पुलिस के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने और नेपाली सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाने के प्रयास जारी रहेंगे।


More Stories
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 13 लोगों का चालान
मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने उठाईं पुरानी पेंशन बहाली समेत कई मांगें, द्वादश द्विवार्षिक अधिवेशन में पहुंचे डीएम
बाराकोट में दर्जा मंत्री हुकम सिंह और अनिल डब्बू,सुभाष बगौली ने पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनी