द्वादश द्विवार्षिक अधिवेशन में पहुंचे डीएम, समस्याओं के नियमानुसार समाधान का दिया आश्वासन
चम्पावत। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन की जिला शाखा का द्वादश द्विवार्षिक अधिवेशन शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चम्पावत में आयोजित किया गया। अधिवेशन में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली, पदोन्नति के नियमों में संशोधन, वेतनमान में सुधार और मिनिस्टीरियल संवर्ग के पदों के पुनर्गठन समेत विभिन्न मांगें उठाईं। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनते हुए नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर अधिवेशन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी प्रशासनिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है। कर्मचारियों की जायज समस्याओं का समाधान होना जरूरी है, ताकि वे बेहतर वातावरण में अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने ज्ञापन में शामिल मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई करने और शासन स्तर से संबंधित मामलों को उचित माध्यम से भेजने का आश्वासन दिया।
पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाई
अधिवेशन में कर्मचारियों ने कनिष्ठ सहायक पद के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता स्नातक करने, वेतन लेवल-5 के तहत 2800 रुपये ग्रेड पे देने, मिनिस्टीरियल संवर्ग के पदों का पुनर्गठन करने और पदोन्नति संबंधी नियमों में संशोधन की मांग उठाई। इसके अलावा जिन विभागों में पदोन्नति के अवसर नहीं हैं, वहां एसीपी व्यवस्था लागू करने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
कर्मचारी नेताओं ने गोल्डन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने, स्थानांतरण अधिनियम की व्यावहारिक कठिनाइयां दूर करने और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के कार्यों एवं दायित्वों का निर्धारण करने की मांग की। मिनिस्टीरियल कर्मचारियों के लिए कॉमन सेवा नियमावली लागू करने तथा सृजित पदों पर आउटसोर्सिंग से नियुक्ति नहीं करने का मुद्दा भी उठाया गया।
संगठन की मजबूती पर दिया जोर
फेडरेशन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने संगठन की गतिविधियों और कर्मचारियों के हितों में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान और अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट रहकर सकारात्मक संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करने का आह्वान किया।
अधिवेशन में अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, जिला महामंत्री जीवन चंद्र ओली, प्रांतीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोन और सौरभ चंद्र समेत विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं और संगठन को मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।



More Stories
बाराकोट में दर्जा मंत्री हुकम सिंह और अनिल डब्बू,सुभाष बगौली ने पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनी
कूण में बहुउद्देशीय शिविर, 500 से अधिक लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
क्षय रोग उन्मूलन के लिए चंपावत में JOSH टीमों का शुभारंभ