पुलहिंडोला में बहुउद्देशीय शिविर, 556 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
58 जनसमस्याएं दर्ज, डीएम ने अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
संवाददाता गिरीश सिंह बिष्ट
चंपावत, 6 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज पुलहिंडोला में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी और पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने किया।
शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, स्वास्थ्य, सहकारिता, समाज कल्याण, राजस्व सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर सेवाओं का लाभ पहुंचाया। विभिन्न विभागों के माध्यम से 556 लाभार्थियों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिला। स्वास्थ्य विभाग ने 81, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा ने 60, होम्योपैथिक ने 55, पशुपालन ने 52, उद्यान ने 48 और कृषि विभाग ने 25 लोगों को लाभान्वित किया। राजस्व विभाग ने 35 लोगों के प्रमाण पत्र बनाए।
शिविर में ग्रामीणों ने सड़क, सोलर लाइट, गौशाला, तारबाड़ समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर 58 आवेदन दिए। डीएम ने समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
सहकारिता विभाग ने ब्याज मुक्त ऋण योजना के तहत गणेश सिंह, मदन नाथ और सिद्ध बाबा एसएचजी बर्गोली समूह को ऋण के चेक वितरित किए। समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांग मयंका देवी को व्हीलचेयर तथा अन्य लाभार्थियों को श्रवण यंत्र और छड़ियां उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में स्वीप के तहत लोगों को निष्पक्ष निर्वाचन की शपथ भी दिलाई गई।
इस दौरान एसडीएम लोहाघाट नीतू डागर, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, सीवीओ वसुंधरा गर्ब्याल, मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

More Stories
किशोरी के गर्भवती मिलने पर नाबालिग के खिलाफ पॉक्सो में मुकदमा
जनता मिलन में 133 शिकायतें, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
उक्रांद की बैठक में उत्तराखंड उत्थान यात्रा की तैयारियों पर चर्चा