October 3, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

पेयजल लाइन के गड्ढे बने हादसों का खतरा, मादली हादसे के बाद उठे सवाल

Dukan Ad
Dukan Ad

पेयजल लाइन के गड्ढे बने हादसों का खतरा, मादली हादसे के बाद उठे सवाल

पुलिस लाइन से छतार तक जगह-जगह चल रहा निर्माण कार्य, सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर उठे सवाल

चंपावत। शहर में यूयूएसडीए की ओर से पेयजल लाइन बिछाने का काम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। पुलिस लाइन से लेकर छतार पेट्रोल पंप तक कई स्थानों पर सड़क किनारे खुदाई और निर्माण कार्य चल रहा है। कई जगह सड़क पर बने गड्ढों और असमतल हिस्सों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को मादली में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद निर्माण कार्य और सड़क की स्थिति को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

बशुक्रवार को मादली के समीप दो बाइकों की टक्कर के बाद छतार निवासी होटल व्यवसायी देवा रावत सड़क पर जा गिरे और डंपर की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर सड़क की बदहाल स्थिति तथा निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने को लेकर चर्चा हो रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का निर्धारण पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई महीनों से क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने का काम चल रहा है। जगह-जगह खुदाई के बाद सड़क को पूरी तरह व्यवस्थित नहीं किए जाने से वाहन चालकों को दिक्कत हो रही है। खासकर रात के समय गड्ढे, सड़क के असमतल हिस्से और निर्माण सामग्री दुर्घटना का खतरा बढ़ा रहे हैं।

गौरतलब है कि सितंबर में जिलाधिकारी ने यूयूएसडीए की पेयजल लाइन के कार्यों का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य के दौरान वाहनों के आवागमन में परेशानी न होने और सड़क सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए थे। खुले चेंबरों को भी दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील बताते हुए उन्हें सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए थे।

पेयजल योजना शहर की भविष्य की जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के साथ सड़क को सुरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है। लोगों ने संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य में तेजी लाने, गड्ढों को तत्काल भरने, खुले हिस्सों पर बैरिकेडिंग और संकेतक लगाने तथा काम पूरा होने के बाद सड़क का तत्काल डामरीकरण कराने की मांग की है।

शेयर करे