डीएम के आश्वासन पर धरना स्थगित, 31 अक्टूबर तक बैंक शाखा खोलने का भरोसा
चंपावत। सुखीढांग क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने की मांग को लेकर गांधी जयंती पर शुरू किया गया धरना जिलाधिकारी मनीष कुमार के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। जिलाधिकारी ने तल्लापाल-विलौन संघर्ष समिति के संयोजक पंडित शंकर दत्त जोशी से फोन पर वार्ता कर बैंक शाखा खोलने के लिए आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का भरोसा दिया।
समिति ने 31 अक्टूबर तक बैंक शाखा नहीं खुलने पर दोबारा आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। इससे पहले समिति ने उत्तराखंड स्थापना दिवस नौ नवंबर तक शाखा नहीं खुलने पर दो अक्टूबर से अनिश्चितकालीन अनशन और स्थापना दिवस के बाद आत्मदाह की चेतावनी दी थी।
समिति का कहना है कि सूखीढांग-बूड़नगर क्षेत्र में पीएनबी (पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक) या किसी अन्य बैंक की शाखा नहीं होने से करीब 15 हजार की आबादी को बैंकिंग कार्यों के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित न्याय पंचायत बमनजौल की 12 ग्राम पंचायतों के लिए सूखीढांग प्रमुख केंद्र है। क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने की मांग लंबे समय से की जा रही है।
धरने में पूर्व ब्लॉक उपप्रमुख प्रकाश चोड़ाकोटी, कमल किशोर, संदीप जोशी, मोहन सिंह, नरेंद्र जोशी, नंदाबल्लभ जोशी, नाथ सिंह, राजेंद्र सिंह, चंद्रमोहन, मदन सिंह, रमेश चंद्र, मोहन चंद्र, कुशल सिंह और हरीश चंद्र जोशी आदि शामिल रहे।

More Stories
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने पर सवाल
पेयजल लाइन के गड्ढे बने हादसों का खतरा, मादली हादसे के बाद उठे सवाल
कैबिनेट बैठक को लेकर तैयारियां तेज, ऐंपण कला से सजा NHPC परिसर