November 18, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

भ्रष्टाचार में लिप्त भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी उत्तराखंड की जनता : कुमारी शैलजा

भ्रष्टाचार में लिप्त भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी उत्तराखंड की जनता : कुमारी शैलजा

कांग्रेस ने टनकपुर से किया विधानसभा चुनाव का शंखनाद, मुख्यमंत्री समेत भाजपा सरकार पर साधा निशाना**

**नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित**

**टनकपुर।** कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड को बदहाली की ओर धकेल दिया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और भू-माफिया हावी हैं। सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस चंपावत जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। मंगलवार को टनकपुर के खर्कवाल गार्डन में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

कुमारी शैलजा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, भाजपा सरकार ने उन्हें राजभवन में बैठा दिया है। प्रदेश में आम जनता की आवाज नहीं सुनी जा रही है। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और पहाड़ के गांवों से तेजी से पलायन हो रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों के कई गांव वीरान होकर भूतिया गांवों में तब्दील हो चुके हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह पिछले विधानसभा चुनाव में खटीमा की जनता ने मुख्यमंत्री को हराया था, उसी तरह इस बार चंपावत की जनता उन्हें करारा जवाब देगी।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश की जनता ने इस बार कांग्रेस को सत्ता सौंपने का मन बना लिया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर बुलडोजर कार्रवाई के नाम पर गरीबों के आशियाने उजाड़ने का आरोप लगाया। खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार जल, जंगल और जमीन को बेचने का काम कर रही है। लगातार पेपर लीक की घटनाओं से प्रदेश के युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में होने वाले विकास कार्यों के ठेके बाहरी ठेकेदारों को दिए जा रहे हैं।

चुनाव प्रचार समिति के सदस्य करण माहरा ने कहा कि प्रदेश की जनता अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सरकार से जवाब मांग रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया। वहीं, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने कहा कि उनके कार्यकाल में चंपावत विधानसभा क्षेत्र में जितना विकास हुआ था, मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल में उसका आधा भी नहीं कर पाए हैं।

सम्मेलन में चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सचिव सतीश पांडेय, नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा, मनोज यादव, राजेंद्र पाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल, गणेश सामंत, विपिन जोशी, उमेश शर्मा, नीरज वर्मा, जगदीश पांडे, एडवोकेट श्याम कार्की ,नवीन पांडेय, श्याम कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

### चुनाव अभियान के लिहाज से अहम माना जा रहा दौरा

कुमारी शैलजा का चंपावत जिले का दौरा आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के प्रदेशव्यापी राजनीतिक अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। प्रदेश प्रभारी कुमाऊं के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर पार्टी संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगी। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सह प्रभारी मनोज यादव सहित पार्टी के विधायक और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। टनकपुर में आयोजित सम्मेलन को कांग्रेस की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के औपचारिक आगाज के रूप में देखा जा रहा है।

शेयर करे