November 18, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

प्रदेश प्रभारी शैलजा के दौरे से पहले लोहाघाट कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर आई सामने, विधायक के खिलाफ लगे नारे

शैलजा के दौरे से पहले लोहाघाट कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर आई सामने, विधायक के खिलाफ लगे नारे

**मानेश्वर में चिराग फर्त्याल समर्थकों ने किया शक्ति प्रदर्शन, ‘हमारा विधायक कैसा हो, चिराग फर्त्याल जैसा हो’ के लगे नारे**

**मुन्ना ढेक समर्थकों ने भी उठाई नेतृत्व परिवर्तन की मांग, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के आवास के बाहर हुई नारेबाजी**

**मिशन 2027 की तैयारी के बीच कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान ने बढ़ाई सियासी सरगर्मी, आज रामलीला मैदान की जनसभा पर टिकी निगाहें**

**लोहाघाट/चंपावत।** उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने के साथ ही चंपावत जिले की लोहाघाट विधानसभा सीट पर कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी भी खुलकर सामने आने लगी है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी शैलजा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के चंपावत दौरे के दौरान पार्टी के भीतर टिकट की दावेदारी और नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान की झलक देखने को मिली। बुधवार को मानेश्वर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के समर्थकों ने जोरदार स्वागत कर अपनी ताकत दिखाई। वहीं मुन्ना ढेक समर्थकों ने भी नेतृत्व परिवर्तन की मांग उठाकर पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के मानेश्वर पहुंचने पर जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान समर्थकों ने जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया और ‘हमारा विधायक कैसा हो, चिराग फर्त्याल जैसा हो’ के नारे लगाए। समर्थकों के इस नारे को लोहाघाट विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव के लिए चिराग फर्त्याल की दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

दूसरी ओर मुन्ना ढेक के समर्थकों ने भी अपने अंदाज में राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उनके समर्थकों ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के सामने नेतृत्व परिवर्तन की मांग उठाई। इस दौरान मौजूदा विधायक के स्थान पर नए चेहरे को मौका देने की मांग भी चर्चा में रही।

**विधायक आवास के बाहर समर्थकों की नारेबाजी**

मानेश्वर से चिराग फर्त्याल समर्थकों का जुलूस लोहाघाट पहुंचा। यहां से प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के आवास की ओर रवाना हुए। इस दौरान चिराग फर्त्याल और मुन्ना ढेक समर्थक भी विधायक आवास तक पहुंच गए। बताया जा रहा है कि समर्थकों ने आवास के बाहर से ही विधायक के खिलाफ नारेबाजी की और उन पर पार्टी में गुटबाजी को बढ़ावा देने के आरोप लगाए। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट बदलकर नए चेहरे को मौका देने की मांग भी उठाई।

इस घटनाक्रम ने लोहाघाट कांग्रेस में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान को सार्वजनिक कर दिया है। एक ओर वर्तमान विधायक खुशाल सिंह अधिकारी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल समेत अन्य दावेदारों की सक्रियता ने आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर नए समीकरण बनने के संकेत दे दिए हैं।

**स्वागत की तैयारियों से दूरी बनाने की भी चर्चा**

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि कुमारी शैलजा के स्वागत के लिए लोहाघाट क्षेत्र में चिराग फर्त्याल समर्थकों की ओर से बड़ी संख्या में होर्डिंग और स्वागत संबंधी तैयारियां की गई थीं। बताया जा रहा है कि बाद में उन्हें कार्यक्रम से दूरी बनाए रखने के संकेत दिए गए। हालांकि, इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इधर, चर्चा यह भी है कि चिराग फर्त्याल आने वाले दिनों में अपने समर्थकों के साथ अलग से बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर सकते हैं।

**रामलीला मैदान की जनसभा पर टिकी निगाहें**

बुधवार को लोहाघाट के रामलीला मैदान में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की प्रस्तावित विशाल जनसभा को लेकर अब राजनीतिक निगाहें टिकी हैं। जनसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी प्रस्तावित है। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, खटीमा विधायक भुवन कापड़ी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता करण माहरा सहित प्रदेश के अन्य नेताओं की भूमिका और मौजूदगी भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए लोहाघाट सीट पर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। हाल ही में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता पूरन सिंह कठायत को लोहाघाट विधानसभा का प्रभारी बनाए जाने को भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के नेतृत्व में हुई संगठनात्मक बैठक में भी जनसभा को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई थी।

अब सवाल यह है कि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा लोहाघाट में उभर रही इस गुटबाजी को किस तरह संभालती हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर क्या रणनीति अपनाती हैं। फिलहाल लोहाघाट में कांग्रेस का मिशन 2027 शुरू होने से पहले ही टिकट की दावेदारी और वर्चस्व की लड़ाई चर्चा का विषय बन गई है। बताया जा रहा है कि चिराग फर्त्याल विधायक अधिकारी से किसी भी चीज में पीछे नहीं हैं उनके साथ युवाओं का भारी समर्थन है।

शेयर करे