November 18, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

शैलजा के सामने कांग्रेस की गुटबाजी का खुला प्रदर्शन, मुन्ना ढेक का खुला विरोध, अध्यक्ष को ना कुर्सी मिली ना बोलने का मौका

# शैलजा के सामने कांग्रेस की गुटबाजी का खुला प्रदर्शन, विधायक अधिकारी पर उठे सवाल
## जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल को मंच पर जगह तक नहीं, मुन्ना ढेक ने माइक थामकर जताई नाराजगी; महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की के आरोपों से गरमाया माहौल

**लोहाघाट।** मिशन 2027 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस के भीतर चल रही वर्चस्व की जंग बुधवार को लोहाघाट के रामलीला मैदान में खुलकर सामने आ गई। प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी शैलजा के कार्यक्रम में पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी, संगठनात्मक खींचतान और अनुशासनहीनता ने कांग्रेस की एकजुटता के दावों की पोल खोल दी। मंच पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और वरिष्ठ नेता रणजीत रावत सहित कई दिग्गज मौजूद रहे, लेकिन पार्टी के जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल को न तो मंच पर उचित स्थान मिला और न ही संबोधन का अवसर।

कार्यक्रम में वर्तमान विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे। आरोप है कि विधायक ने पार्टी के अन्य प्रमुख चेहरों और संभावित दावेदारों मनोहर सिंह उर्फ मुन्ना ढेक तथा जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल को पूरी तरह दरकिनार कर दिया। यहां तक कि उन्हें मंच पर बैठने के लिए कुर्सी तक नसीब नहीं हुई। इससे संगठन के भीतर विधायक के कथित वर्चस्व और एकाधिकार की राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

**माइक पर फूटा मुन्ना ढेक का गुस्सा, विधायक को टिकट न देने की मांग**

कार्यक्रम के दौरान नाराजगी उस समय खुलकर सामने आ गई, जब मनोहर सिंह उर्फ मुन्ना ढेक स्वयं मंच पर पहुंच गए और माइक थामकर अपनी भड़ास निकालने लगे। उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि खुशाल अधिकारी के अलावा किसी को भी टिकट दे दिया जाए, लेकिन उन्हें टिकट नहीं दिया जाना चाहिए। इस घटनाक्रम ने कांग्रेस के भीतर मिशन 2027 को लेकर चल रही टिकट की जंग को सार्वजनिक कर दिया।

**शैलजा के जाने के दौरान भी गरमाया माहौल**

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा जब अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना होने लगीं, तब भी विवाद थमता नजर नहीं आया। आरोप है कि विधायक खुशाल सिंह अधिकारी महिलाओं के बीच से धक्का-मुक्की करते हुए उनकी गाड़ी तक पहुंचे और वाहन में बैठ गए। इस दौरान महिलाओं ने मौके पर ही विरोध जताया। घटनाक्रम ने कार्यक्रम की राजनीतिक गरिमा और महिला कार्यकर्ताओं के सम्मान को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए।

**मीडिया से दूरी ने भी खड़े किए सवाल**

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के दौरे के दौरान मीडिया से संवाद भी नहीं हो सका। आरोप है कि विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने उन्हें मीडिया से मुखातिब होने का अवसर नहीं दिया। ऐसे में प्रदेश प्रभारी के सामने जिले की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति और कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आने का मौका भी सीमित रह गया।

**मंच से लेकर मैदान तक दिखी मिशन 2027 की लड़ाई**

जिलाध्यक्ष को मंच पर सम्मानजनक स्थान नहीं मिलना, संभावित दावेदारों की कथित उपेक्षा, माइक पर खुला विरोध और महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की के आरोपों ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह को सरेआम कर दिया। राजनीतिक जानकारों के बीच अब सवाल उठ रहा है कि जिस पार्टी को 2027 के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर मैदान में उतरना है, वह अपने ही नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक मंच पर सम्मानजनक स्थान देने में क्यों नाकाम नजर आ रही है?

लोहाघाट में बुधवार को जो तस्वीर सामने आई, उसने कांग्रेस की संगठनात्मक एकजुटता और विधायक के नेतृत्व पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिशन 2027 से पहले यह घटनाक्रम पार्टी के लिए आत्ममंथन का बड़ा विषय बन सकता है।
फोटो… गोल घेरे में खड़े कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल
… मुख्य फोटो में विधायक कुशाल सिंह अधिकारी और मुन्ना ढेक उलझते

शेयर करे