उल्टा फहराया राष्ट्रीय ध्वज, पांच घंटे तक अधिकारियों को नहीं लगी भनक
लोहाघाट। गांधी जयंती, लाल बहादुर शास्त्री जयंती, अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस और स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जहां देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि दी गई, वहीं काली कुमाऊं वन क्षेत्र कार्यालय लोहाघाट में राष्ट्रीय ध्वज उल्टा फहराए जाने का मामला सामने आया।
बताया गया कि वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में ध्वजारोहण के बाद करीब पांच घंटे तक राष्ट्रीय ध्वज उल्टा ही फहराता रहा। इस दौरान कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों का ध्यान भी इस ओर नहीं गया। मीडिया की ओर से मामला उठाए जाने के बाद ध्वज को सही किया गया।
मामले में वन क्षेत्राधिकारी नंद किशोर पंत ने इसे कर्मचारियों की लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारी अधीनस्थ कर्मचारियों पर डाल दी। वहीं, बातचीत के दौरान उन्होंने पत्रकारों को 2 अक्टूबर के बजाय 15 अगस्त की बधाई दे दी।
राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ी इस तरह की लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर सरकारी कार्यालय में ध्वज फहराने की जिम्मेदारी अधिकारियों की भी होती है। ऐसे में रेंजर स्तर के अधिकारी की मौजूदगी में करीब पांच घंटे तक ध्वज का उल्टा फहराते रहना गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।

More Stories
टिप्पर की चपेट में आने से रेस्टोरेंट संचालक की मौत, बाइक सवार गंभीर
जल योद्धाओं का केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से संवाद हुआ
42 वर्ष की सेवा के बाद CISF सब इंस्पेक्टर चूड़ामणि जोशी सेवानिवृत्त