संवाददाता गिरीश सिंह बिष्ट
चंपावत में गूँजा पुरानी पेंशन बहाली का शंखनाद: कर्मचारियों ने फूंका NPS और UPS का पुतला
चंपावत (1 अक्टूबर 2026):
उत्तराखंड में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों का आक्रोश आज सड़कों पर फूट पड़ा। नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम (NMOPS) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर आज 1 अक्टूबर को चंपावत जनपद में जिला, ब्लॉक और विद्यालय स्तर पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आक्रोशित कर्मचारियों ने केंद्र व राज्य सरकार की वर्तमान पेंशन नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एनपीएस (NPS) और यूपीएस (UPS) के पुतले और उसकी प्रतियों को आग के हवाले कर दिया।
कालू सिंह महरा चौक पर उमड़ा कर्मचारियों का सैलाब
जनपद के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर ब्लॉक स्तरीय विरोध प्रदर्शनों के बाद शाम को लोहाघाट स्थित स्वतंत्रता सेनानी स्व. कालू सिंह महरा चौक पर मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यहाँ भारी संख्या में विभिन्न विभागों के शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी एकत्र हुए। कर्मचारियों ने एक सुर में कहा कि वे सरकार की ‘अल्प पेंशन’ योजनाओं को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे और जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
सरकार को जगाने के लिए निर्णायक लड़ाई का ऐलान
NMOPS चंपावत के जिलाध्यक्ष गोविंद मेहता और महासचिव प्रकाश सिंह तड़गी ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रदेश सरकार को नींद से जगाने के लिए आज यह सामूहिक शंखनाद किया गया है। पदाधिकारियों ने चेताया कि यदि सरकार ने कर्मचारियों के भविष्य और सामाजिक सुरक्षा से खिलवाड़ बंद नहीं किया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
इस दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। प्रदर्शन में जनपद के सभी मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।

More Stories
जनसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए जनार्दन चिलकोटी सम्मानित
लोहाघाट में मोडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक सीज
पूर्व सैनिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से करें समाधान: डीएम