जनसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए जनार्दन चिलकोटी सम्मानित
चम्पावत। जनसेवा, शिक्षा और समाज कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चम्पावत के सामाजिक कार्यकर्ता जनार्दन चिलकोटी को गुरुवार को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस एवं पीढ़ियों का कारवां कार्यक्रम के अवसर पर समाज कल्याण विभाग, उत्तराखंड की ओर से उन्हें सम्मान पत्र प्रदान किया गया।
जनार्दन चिलकोटी लंबे समय से सीमांत और ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास और उद्यमिता के लिए प्रेरित करने का कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों को शिक्षा व रोजगार के अवसरों की जानकारी देने तथा ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
एसबीआई में मुख्य प्रबंधक पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने सामाजिक सरोकारों से अपना जुड़ाव बनाए रखा। वह एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), चम्पावत के निदेशक भी रह चुके हैं। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, चम्पावत के महासचिव के रूप में उन्होंने आपदा प्रभावितों और जरूरतमंद परिवारों की सहायता में भी योगदान दिया।
सम्मान मिलने पर चिलकोटी ने इसे अपनी दिवंगत माता वीरांगना मंदोदरी देवी के संस्कारों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि पिता के 1965 के भारत-पाक युद्ध में शहीद होने के बाद माता ने कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण किया और समाज सेवा, संवेदना व मानवता के संस्कार दिए। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। भविष्य में भी वह सीमांत क्षेत्रों के युवाओं, विद्यार्थियों, ग्रामीण महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के लिए कार्य करते रहेंगे।

More Stories
लोहाघाट में मोडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक सीज
पूर्व सैनिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से करें समाधान: डीएम
एसएसजे कैंपस छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय भानु तड़ागी अध्यक्ष निर्वाचित एबीवीपी चारों खाने चित