MES में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, दो गिरफ्तार
फर्जी नियुक्ति पत्र, मोहर व 35 जॉइनिंग लेटर बरामद; मोबाइल से लाखों के लेनदेन का खुलासा
चंपावत। MES (मिलिट्री इंजीनियर सर्विसेज) में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में बनबसा पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से फर्जी नियुक्ति व जॉइनिंग लेटर, विभागीय मोहर, स्टांप पैड, मोबाइल फोन सहित कई दस्तावेज बरामद हुए हैं।
28 सितंबर को टनकपुर निवासी गुरु शरण सिंह ने थाना बनबसा में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि ग्राम भजनपुर निवासी धीरज सक्सेना और पिथौरागढ़ के धारचूला निवासी गणेश बहादुर ने MES में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे पांच हजार रुपये नकद और 1.40 लाख रुपये ऑनलाइन/UPI के माध्यम से लिए। इसके बाद उसे फर्जी नियुक्ति पत्र देकर बायोमेट्रिक प्रक्रिया के लिए बनबसा आर्मी एरिया के पास बुलाया गया।
पीड़ित के वहां पहुंचने पर कई अन्य युवक भी मिले, जिन्होंने इसी तरह नौकरी के नाम पर रुपये लेने और फर्जी नियुक्ति पत्र दिए जाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने देर रात दोनों को गिरफ्तार किया।
यह सामान हुआ बरामद: आरोपितों से रियलमी व वीवो के दो मोबाइल फोन, स्टांप पैड, AGE (MES) BANBASA अंकित मोहर, नमूना मोहर, महिला-पुरुषों के फोटो, कूटरचित दस्तावेज, विभिन्न व्यक्तियों के 35 नियुक्ति/जॉइनिंग लेटर, मेडिकल प्रमाणपत्र और TVS Wego स्कूटी (यूके07 एसी-3133) बरामद हुई है।
प्रारंभिक जांच में धीरज के मोबाइल फोन से लाखों रुपये के लेनदेन की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों और लेनदेन की जानकारी जुटाने के साथ मामले की विवेचना कर रही है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस की अपील: सरकारी या सैन्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर किसी व्यक्ति को बिना सत्यापन के धनराशि न दें। संदिग्ध दस्तावेज या नौकरी के नाम पर ठगी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

More Stories
आंगन क्षतिग्रस्त होने पर परिवार को सुरक्षित स्थान पर किया शिफ्ट
बनबसा में 4 ग्राम स्मैक के साथ नेपाली युवक गिरफ्तार पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने शिव मंदिर के पास की कार्रवाई
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंका कलक्ट्रेट में नारेबाजी के साथ धरना, लोकतंत्र की हत्या का लगाया आरोप