जनसमस्याओं के समाधान में देरी बर्दाश्त नहीं : डीएम
चम्पावत। जिला सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, आर्थिक सहायता, पशुपालन, मत्स्य पालन और फसल सुरक्षा समेत विभिन्न समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में कुल 95 शिकायतें व आवेदन प्राप्त हुए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायतों को केवल संबंधित विभाग को भेजने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके निस्तारण की नियमित निगरानी भी करें। विभागीय स्तर पर हल होने वाली समस्याओं में अनावश्यक देरी न की जाए और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाया जाए।
ग्राम पल्सों के गिरधारी राम ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ व सोलर लाइट लगाने, धुरचम के तोक न्याड़ी के रमेश चंद्र थ्वाल ने चेनलिंक फेंसिंग, बाड़ासुसेरा के सोबन सिंह ने आपदा से क्षतिग्रस्त भवन का मुआवजा, सोलर लाइट व तारबाड़ तथा मौराड़ी के चंद्रमणि जोशी ने फसल सुरक्षा के लिए तारबाड़ की मांग की।
सिलिंगटाक की पूर्व ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी ने सीसी मार्ग और मल्ली खटोली की सोनिया देवी ने दूरस्थ क्षेत्र में हेलीपैड निर्माण की मांग रखी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। जाति व निवास प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदनों पर भी प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा।
नजनता मिलन में स्वास्थ्य विभाग ने पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए। इस दौरान सीडीओ अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम बीसी पंत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंका कलक्ट्रेट में नारेबाजी के साथ धरना, लोकतंत्र की हत्या का लगाया आरोप
अंडर-19 हैंडबॉल में चम्पावत की बेटियों ने रचा इतिहास, बनीं राज्य चैंपियन
960 ग्राम चरस बरामदगी में लोहाघाट के युवक को 10 साल की सजा