आदर्श चम्पावत @2030 की प्रगति की वर्चुअल समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
कृषि-बागवानी, सड़क कनेक्टिविटी और साइंस सेंटर समेत प्रमुख परियोजनाओं की हुई समीक्षा
चम्पावत।
आदर्श चम्पावत @2030 के तहत जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की बुधवार को सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगोली ने वर्चुअल माध्यम से समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लोक निर्माण विभाग, कृषि, उद्यान समेत विभिन्न विभागों की ओर से किए जा रहे कार्यों और उनकी प्रगति की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में सड़क निर्माण और कनेक्टिविटी से जुड़े कार्यों को संबंधित विभागों के समन्वय से तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि और बागवानी क्षेत्र में आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में निर्माणाधीन साइंस सेंटर की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि करीब 55.52 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे साइंस सेंटर में फन साइंस, एग्रीकल्चर एंड साइंस तथा एस्ट्रोनॉमी गैलरी जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। सेंटर का सिविल कार्य लगभग पूरा हो चुका है और शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने की कार्रवाई चल रही है।
सुगंधित एवं औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने के लिए सेंटर फॉर एरोमैटिक प्लांट्स (CAP) के माध्यम से किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा हुई। सचिव मुख्यमंत्री ने इस संबंध में अलग से बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में दालचीनी उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ पौधशाला और सैटेलाइट सेंटर विकसित करने, किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री उपलब्ध कराने तथा दालचीनी तेल और पाउडर की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। इससे किसानों को उत्पाद का बेहतर मूल्य मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगोली ने कहा कि आदर्श चम्पावत@2030 की परिकल्पना के अनुरूप स्वीकृत और प्राथमिकता वाले विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारी की नियमित निगरानी में संबंधित विभागों को प्राथमिकता वाले कार्यों में तेजी लाने और आपसी समन्वय से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
वर्चुअल बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अर्थ एवं संख्याधिकारी दीपकीर्ति तिवारी, एसडीओ वन प्रभाग सुनील कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

More Stories
800 रुपये में बिना जांच मेडिकल रिपोर्ट! जिला अस्पताल के ENT सर्जन ने मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए लिखी जांच
ज्ञान गंगा सम्मान-2026 से सम्मानित हुईं डॉ. सुमन पांडेय
विधायक के आंदोलन का असर,पांच दिन में होगी पुनौली उपकरण वितरण मामले की जांच,महाभ्रष्ट के बयान से पलटे