September 9, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

विधायक के आंदोलन का असर,पांच दिन में होगी पुनौली उपकरण वितरण मामले की जांच,महाभ्रष्ट के बयान से पलटे

Dukan Ad
Dukan Ad

विधायक के आंदोलन का असर,पांच दिन में होगी पुनौली उपकरण वितरण मामले की जांच,बयान से पलटे

चंपावत। लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी द्वारा स्वयं सहायता समूहों को उपकरण वितरण और पार्टी ब्लॉक में तैनात जेई पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर किए गए आंदोलन का असर दिखाई देने लगा है। बुधवार को विधायक अपने समर्थकों और ग्राम प्रधानों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी से वार्ता की। वार्ता में जिला प्रशासन ने पुनौली में उपकरण वितरण मामले की पांच दिन के भीतर जांच कराने का आश्वासन दिया है। वहीं, पार्टी ब्लॉक के जेई के स्थानांतरण को लेकर भी विधायक की जिलाधिकारी के साथ सकारात्मक वार्ता हुई।

कुछ दिन पूर्व विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ग्राम प्रधानों और समर्थकों के साथ चंपावत कलेक्ट्रेट स्थित विकास भवन पहुंचे थे। उन्होंने पार्टी ब्लॉक के जेई पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों को उपकरण वितरण में भी अनियमितता का आरोप लगाया था। इस दौरान उनकी सहायक परियोजना अधिकारी विम्मी जोशी से तीखी बहस भी हुई थी।

बुधवार को विधायक ने एक बार फिर जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी के समक्ष मामले को उठाया। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी से हुई वार्ता सकारात्मक रही है। प्रशासन ने पुनौली उपकरण वितरण प्रकरण की पांच दिन के भीतर जांच कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही पार्टी ब्लॉक के जेई के स्थानांतरण के संबंध में भी सकारात्मक आश्वासन मिला है।

पूर्व विवाद पर विधायक ने जताया खेद

इस दौरान विधायक अधिकारी ने सहायक परियोजना अधिकारी विम्मी जोशी के साथ पूर्व में हुई तीखी बहस को लेकर भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि उस समय वह आवेश में थे और गुस्से में उनके मुंह से कुछ शब्द निकल गए थे। विधायक ने बताया कि सहायक परियोजना अधिकारी द्वारा आंचल दुग्ध संघ में कर्मचारी रखने के लिए उन पर दबाव बनाने की बात कही गई थी, जिससे वह आक्रोशित हो गए थे।

विधायक ने कहा कि सहायक परियोजना अधिकारी विम्मी जोशी एक ईमानदार अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए पांच दिन का समय दिया गया है और उन्हें उम्मीद है कि जांच में वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी।

इस दौरान ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश महाराज, उपाध्यक्ष अमर सिंह कुटियाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता भागीरथ भट्ट, कांग्रेस प्रवक्ता शैलेंद्र राय, जिला पंचायत सदस्य अशोक महारा और कांग्रेस प्रवक्ता महेश ढेक, चांद बोहरा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

शेयर करे