चार खाम-सात थोक के बीच हुआ अनूठा पाषाण युद्ध, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां वाराही के दर्शन कर की प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
चम्पावत। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को विश्व प्रसिद्ध मां वाराही धाम देवीधुरा में ऐतिहासिक बग्वाल खेली गई। चार खाम और सात थोक के बीच खेली गई इस अनूठी बग्वाल में इस बार पत्थरों के बजाय फल और फूलों का प्रयोग किया गया। दोपहर 1:48 बजे शुरू हुई बग्वाल 1:55 बजे समाप्त हुई। करीब आठ मिनट तक चले इस पारंपरिक आयोजन के दौरान पूरा बग्वाल मैदान मां वाराही के जयकारों से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु इस ऐतिहासिक परंपरा के साक्षी बने।
बग्वाल मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। वह हेलीकॉप्टर से देवीधुरा पहुंचे, जहां कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। हेलीपैड पर छोलिया नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई।
मुख्यमंत्री ने मां वाराही मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां वाराही सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।
विकास कार्यों को दी जा रही गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवीधुरा का बग्वाल मेला उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, आस्था और सामुदायिक सहभागिता का जीवंत प्रतीक है। सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक जड़ों और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने बताया कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत देवीधुरा में कई विकास कार्य चल रहे हैं। मंदिर परिसर में 4.27 करोड़ रुपये की लागत से गढ़वाल खाम भवन और 4.57 करोड़ रुपये से रणकोची मंदिर का पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। घटोत्कच मंदिर का सौंदर्यीकरण, घटकु हिडिंबा मंदिर का निर्माण, सप्तेश्वर महादेव मंदिर में स्नानघाट और लधौनधुरा मेला स्थल का सौंदर्यीकरण पूरा हो चुका है।
घटोत्कच से झालिमाली मंदिर मार्ग के डामरीकरण पर 1.95 करोड़ रुपये, विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण पर 4.70 करोड़ रुपये और पूर्णागिरि मार्ग पर पांच करोड़ रुपये की स्ट्रीट लाइट परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। पाताल रुद्रेश्वर, खेतीखान सूर्य मंदिर, भूमिया देव मंदिर, भिगराड़ा मंदिर और डुंगरी-फत्याल शिव मंदिर से जुड़े विकास कार्य भी गतिमान हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में धार्मिक अवस्थापना और सौंदर्यीकरण के तहत 68.58 करोड़ रुपये की लागत से 397 कार्य कराए गए हैं।
देवीधुरा को नगर पंचायत बनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने देवीधुरा को नगर पंचायत क्षेत्र बनाने की बात कही। उन्होंने बताया कि देवीधुरा में 9.80 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बग्वाल मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने के बाद इसकी व्यवस्थाओं और गरिमा को और मजबूत किया गया है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन का उद्देश्य स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है। उन्होंने युवाओं से अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
चार खामों के बग्वालियों ने निभाई परंपरा
मां वाराही धाम में प्रधान पुजारी की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद बग्वाल की शुरुआत हुई। इसके बाद चारों खाम—वालिक (सफेद), चम्याल (गुलाबी), गहड़वाल (भगवा) और लमगड़िया (पीला)—के बग्वाली मैदान में पहुंचे। पारंपरिक वेशभूषा और रंग-बिरंगी पगड़ियों में सजे बग्वालियों के हाथों में बांस और रिंगाल से बनी ढालें थीं। शंखनाद और मां वाराही के जयकारों के बीच फल और फूलों की वर्षा शुरू हुई।


पीठाचार्य पंडित कीर्तिबल्लभ जोशी के अनुसार फल-फूलों से खेली जाने वाली बग्वाल को शुभ और फलदायी माना जाता है। उन्होंने बताया कि बग्वाल के संचालन और चारों खामों के आगमन की जिम्मेदारी परंपरागत रूप से पीठाचार्य की देखरेख में होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवीधुरा की बग्वाल अनूठी सांस्कृतिक विरासत है। यहां बग्वाल के बाद सभी योद्धा एक-दूसरे से गले मिलकर भाईचारे का संदेश देते हैं। यह परंपरा अनुशासन और आपसी सौहार्द की मिसाल है।
रक्षाबंधन के अवसर पर स्थानीय बच्चियों और महिलाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राखी बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मंदिर समिति अध्यक्ष हीराबल्लभ जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, परियोजना निदेशक अजय सिंह, सीएमओ देवेश चौहान, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे।

More Stories
बग्वाल मेले के लिए यातायात व पार्किंग प्लान जारी
मुख्यमंत्री ने चम्पावत को दी 62.97 करोड़ की 50 विकास योजनाओं की सौगात
देवीधुरा बग्वाल मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा