बग्वाल मेले के लिए यातायात व पार्किंग प्लान जारी
देवीधुरा। मां बाराही धाम में आयोजित बग्वाल मेले को लेकर चम्पावत पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम यातायात के लिए ट्रैफिक व पार्किंग प्लान जारी किया है। इसके तहत देवीधुरा तिराहा से मुख्य बाजार व मंदिर की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
हल्द्वानी रोड से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कनवाड़ बैंड से हनुमान मंदिर तक शटल सेवा संचालित होगी। वाहनों की पार्किंग निर्धारित पार्किंग स्थल नंबर-1 व 2 में की जाएगी। पाटी-लोहाघाट मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए पुलिस चौकी देवीधुरा के सामने तथा निर्धारित स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था रहेगी।
खोलीखाड़ ग्राउंड से मुख्य बाजार की ओर भी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भीड़ बढ़ने पर हल्द्वानी से पाटी, लोहाघाट, पिथौरागढ़ व चम्पावत जाने वाले वाहनों को वालिक चैक पोस्ट-रीठाखाल-रिगलबैंड मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी डायवर्जन लागू किया जाएगा।
पुलिस ने श्रद्धालुओं व वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

More Stories
देवीधुरा में फलों-फूलों से खेली गई ऐतिहासिक बग्वाल, आठ मिनट तक गूंजते रहे मां वाराही के जयकारे
मुख्यमंत्री ने चम्पावत को दी 62.97 करोड़ की 50 विकास योजनाओं की सौगात
देवीधुरा बग्वाल मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा