August 28, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

मुख्यमंत्री ने चम्पावत को दी 62.97 करोड़ की 50 विकास योजनाओं की सौगात

Dukan Ad
Dukan Ad

मुख्यमंत्री ने चम्पावत को दी 62.97 करोड़ की 50 विकास योजनाओं की सौगात

20 योजनाओं का लोकार्पण और 30 का शिलान्यास, सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा व धार्मिक पर्यटन को मिलेगी गति

चम्पावत, 27 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धूरा में आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ में चम्पावत जिले को 62.97 करोड़ रुपये की 50 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 11.08 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का लोकार्पण तथा 51.89 करोड़ रुपये की 30 योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं से जिले में सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा और धार्मिक पर्यटन से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।

टनकपुर पहुंचने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री धूरा के रामलीला मैदान पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।

‘बहनों, माताओं और बेटियों के बीच अपने घर आया हूं’

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के कारण मौसम खराब होने के बावजूद वह चम्पावत आने के लिए प्रतिबद्ध थे। उन्होंने कहा कि वह अपनी बहनों, माताओं, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आए हैं। चम्पावत से मिलने वाला प्रेम और अपनापन उन्हें नई ऊर्जा देता है। मुख्यमंत्री ने कुमाऊंनी भाषा में मातृशक्ति से संवाद भी किया।

उन्होंने मातृशक्ति से रक्षा सूत्र बंधवाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक महिला के सशक्त होने तक सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम करती रहेगी।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां की मेहनती और साहसी मातृशक्ति से भी है। महिला सशक्तीकरण का उद्देश्य महिलाओं को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कहा कि चम्पावत में बेटियों के लिए कॉलेज हॉस्टल, आइटीआइ लैब, 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान और महिला प्रौद्योगिकी पार्क जैसी परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इसका उद्देश्य बेटियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि लखपति दीदी बनने के बाद प्रदेश की माताएं-बहनें करोड़पति दीदी बनें। स्वयं सहायता समूहों के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘हाउस ऑफ हिमालयास’, हिलांस आउटलेट, मोबाइल कार्ट, फूड वैन और ई-रिक्शा जैसे माध्यम विकसित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गर्भवती और धात्री महिलाओं के पोषण व स्वास्थ्य के लिए ‘मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना’ और ‘महालक्ष्मी किट’ जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

धूरा समेत कई क्षेत्रों में विकास कार्यों की घोषणा

मुख्यमंत्री ने धूरा में पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़-ब्याला तक संपर्क मार्ग, ककनई के तोक बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क और भागिना भंडारी में मुख्य सड़क से राजकीय इंटर कॉलेज व प्राथमिक विद्यालय दयारतोली तक सीसी मार्ग तथा इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण की घोषणा की। धन और बस्तियागूंठ के विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जाएगा।

आमोड़ी, भलुवागाड़ी, डोलाकांडा, फुरकियाझाला, छतकोट, बेलखेत, खिरद्वारी, बुडम, झालाकुड़ी, नौलापानी और बस्तियागूंठ के मास्वाड़ तोक में भूकटाव व बाढ़ सुरक्षा के लिए वायरक्रेट कार्य किए जाएंगे। पोथ के लदिया नदी पर झूला पुल, दियूरी-चौड़ा सड़क का सुधारीकरण व डामरीकरण, डांडा ककनई में सिंचाई नलकूप, सुखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग में हॉटमिक्स और बुडम के कठोल में झूला पुल का निर्माण भी प्रस्तावित है।

बच्चियों के साथ केक काटा

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर उन्होंने पारंपरिक आटा पीसने के उपकरण ‘चाख’ को चलाया। बाल विकास विभाग के स्टॉल पर बच्चियों के साथ केक काटकर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में महिलाओं को रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री की ओर से उपहार भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करे