August 26, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

देवीधुरा बग्वाल मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

Dukan Ad
Dukan Ad

देवीधुरा बग्वाल मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारियों के निर्देश

चम्पावत। उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक देवीधुरा बग्वाल मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बुधवार को देवीधुरा पहुंचकर मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का भी जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने प्रस्तावित हेलीपैड और सेफ हाउस का भी निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने एडवांस एंबुलेंस की तैनाती, पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं और आपात स्थिति में त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत एल्कोमीटर से जांच की व्यवस्था प्रभावी रखने तथा मेला क्षेत्र में यातायात सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि देवीधुरा बग्वाल मेला चम्पावत की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन का प्रयास है कि मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए तैयारियां समयबद्ध पूरी करने और मेला अवधि में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, एसडीएम एवं मेला मजिस्ट्रेट नीतू डागर, एएमए जिला पंचायत अनिल जोशी, मंदिर समिति अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

शेयर करे