सीजनल इन्फ्लुएंजा को लेकर चम्पावत स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में पर्याप्त दवाओं का स्टॉक रखने के निर्देश
चम्पावत। देश के कुछ राज्यों में सीजनल इन्फ्लुएंजा और श्वसन संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए चम्पावत स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिले के सभी चिकित्सालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और इन्फ्लुएंजा व निमोनिया के मामलों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, पीपीई किट, एन-95 मास्क और जांच सामग्री का पर्याप्त स्टॉक रखने के साथ मरीजों के उपचार के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी निगरानी और त्वरित उपचार पर जोर दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि जिले में इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (ILI) और सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस (SARI) के लक्षण वाले मरीजों की चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्तर पर निगरानी की जा रही है। मरीजों का आवश्यक विवरण आईडीएसपी के तहत IHIP पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। SARI मरीजों के नाक और गले के स्वैब नमूने जांच के लिए संबंधित केंद्रों को भेजे जाएंगे।
किसी क्षेत्र में ILI या SARI मामलों की क्लस्टरिंग मिलने पर तत्काल जांच एवं नियंत्रण की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) को सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी असामान्य स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
जिलाधिकारी ने आमजन से बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने खांसते-छींकते समय नाक-मुंह ढकने, साबुन-पानी से नियमित हाथ धोने और सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने की सलाह दी।
बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही दवा का सेवन करने की अपील की गई है। सीएमओ ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्कता बरतने और आवश्यक स्वास्थ्य सावधानियों का पालन करने को कहा है।

More Stories
237.74 करोड़ का आईएसबीटी बन रहा, खटारा बसों से सफर करने को मजबूर यात्री
सुखीढांग बाजार में कटखने बंदरों का आतंक, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर खतरा
भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों ने की बैठक सीमा पार अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर दिया जोर