October 8, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

देवीधुरा में बग्वाल मेले का शुभारंभ, कलश यात्रा और झांकी ने मोहा मन

Dukan Ad
Dukan Ad

देवीधुरा में बग्वाल मेले का शुभारंभ, कलश यात्रा और झांकी ने मोहा मन

देवीधुरा। मां वाराही धाम देवीधुरा में ऐतिहासिक एवं पौराणिक बग्वाल मेले का रविवार को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुभारंभ हुआ। उत्तराखंड सरकार के मंत्री राम सिंह कैड़ा और जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने हनुमान मंदिर गेट के पास रिबन काटकर मेले का आगाज किया। मेला चार सितंबर तक चलेगा।

इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि बग्वाल मेला आस्था और आध्यात्मिक विरासत का अद्भुत संगम है। यह मेला धार्मिक महत्व के साथ पर्यटन को भी नई ऊंचाई दे रहा है। सरकार देवीधुरा में सुविधाओं के विस्तार और मेले को देश-दुनिया में पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मेले के शुभारंभ से पूर्व मां वाराही देवी मंदिर में सांगी पूजन का आयोजन किया गया। पीठाचार्य पंडित कीर्ति वल्लभ जोशी के मंत्रोच्चार के बीच चारों खामों और सात थोकों के प्रतिनिधियों ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद हनुमान मंदिर से मां वाराही मंदिर परिसर तक स्कूली बच्चों ने भव्य झांकी निकाली। बालिकाओं ने पारंपरिक परिधान में कलश यात्रा निकालकर सांस्कृतिक रंग बिखेरे।

मां वाराही धाम मंदिर को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मेले का प्रमुख आकर्षण बग्वाल रक्षा बंधन के दिन 31 अगस्त को खेली जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि होंगे।

संस्कृत महाविद्यालय के आचार्यों के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने वेद मंत्रों का उच्चारण किया। श्रद्धालुओं ने मां वाराही के दरबार में शीश नवाकर हनुमान मंदिर, मुचकुंद ऋषि आश्रम और भीमशिला के दर्शन किए।
मेले के शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, एडीएम कृष्ण नाथ गोस्वामी, मेला मजिस्ट्रेट एवं पाटी की एसडीएम नीतू डांगर, शिक्षक संगठन के पूर्व जिला अध्यक्ष गोपी बोहरा, ब्लॉक प्रमुख शंकर अधिकारी, पूर्व ब्लाक प्रमुख सुमन, दिनेश सिंह, समेत मेला समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।

शेयर करे